फंदे से लटकता मिला विवाहिता का शव

ससुराल पक्ष ने बताया आत्महत्या तो मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका


गाजीपुर। सादात थाना क्षेत्र के कनेरी (पहाई) गांव में रविवार की अलसुबह 30 वर्षीया विवाहिता नीतू राजभर पत्नी दिनेश राजभर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के बारजे से बाहर नायलॉन की रस्सी के सहारे लटकता मिला। घटना की जानकारी होते ही गांव में सनसनी फ़ैल गई। 

      घटना को लेकर गांव में चर्चाओं का बाजार गर्म है। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने और हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है। वहीं, ससुराल पक्ष का कहना है कि नीतू ने आत्महत्या की है। मायके पक्ष की ओर से मृतका की बहन नीलू राजभर और मामी मृदुलता ने आरोप लगाया कि नीतू को ससुराल में प्रताड़ित किया जाता था। शनिवार शाम को भी घर में विवाद हुआ था। आरोप है कि इस दौरान उसके ससुर ने मोबाइल फोन छीन लिया था। मायके वालों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

       बताया गया कि शव लटका देखकर ससुर मतवर राजभर ने गांव के युवक गेन्हु राजभर की मदद से पुलिस के पहुंचने से पहले शव को नीचे उतार लिया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि मृतका की मां दिलवासी देवी की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

     ज्ञातव्य है कि नीतू की शादी करीब दस वर्ष पहले दिनेश राजभर से हुई थी। दिनेश दिल्ली में नौकरी करता है। घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं था। मृतका का मायका जिले के शादियाबाद थाना क्षेत्र के टड़ियाव गांव में है, जबकि वह बहरियाबाद के कबीरपुर स्थित अपने ननिहाल में रहती थी। उसकी शादी भी ननिहाल से ही हुई थी। घटना की सूचना मिलने पर टड़ियाव और कबीरपुर से बड़ी संख्या में परिजन थाने पहुंचे। मामी मृदुलता के अनुसार, नीतू चार बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। उसके पिता कंचन राजभर ने करीब दस वर्ष पहले अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज देकर उसकी शादी की थी। नीतू के दो बच्चे हैं। आठ वर्षीय बेटा दीपांशु और छह वर्षीय बेटी नित्या मां की मौत से बेसहारा हो गए हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

Views: 6


Leave a Reply