एंटी करप्शन टीम ने पांच हजार रुपये रिश्वत लेते लेखपाल को दबोचा 

घरौनी में नाम दर्ज कराने के लिए रिपोर्ट लगाने के एवज में मांगी थी रिश्वत 


गाजीपुर। एंटी करप्शन वाराणसी की टीम ने पांच हजार रुपये रिश्वत लेते एक लेखपाल को जखनियां तहसील गेट से शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि लेखपाल मनोज कुमार पांडेय ने सरकारी योजना के तहत घरौनी में नाम दर्ज कराने के लिए रिपोर्ट लगाने के एवज में शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की थी। टीम ने लेखपाल को तहसील गेट के पास रिश्वत की रकम लेते समय गिरफ्तार कर लिया।

     एंटी करप्शन टीम के प्रभारी नीरज कुमार सिंह के अनुसार, बघांव गांव के देईपुर निवासी विनय यादव पुत्र अमरनाथ यादव ने 23 नवंबर को कार्यालय में लिखित शिकायत दी थी। उनका आरोप था कि उनकी माता सुदेसरी देवी के नाम आबादी की जमीन पर घरौनी में नाम दर्ज कराने के लिए लेखपाल मनोज कुमार पांडेय रिपोर्ट लगाने के बदले पांच हजार रुपये मांग रहे हैं।

      शिकायत मिलने के बाद टीम ने मामले की जांच की और कार्रवाई की योजना बनाई। इसके तहत शिकायतकर्ता को शनिवार को जखनियां तहसील बुलाया गया। विनय यादव को तहसील के गेट के सामने रुपये देने के लिए कहा गया था। इसी दौरान पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने लेखपाल को रिश्वत की रकम लेते हिरासत में ले लिया। टीम आरोपी लेखपाल को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी रही।

Views: 5


Leave a Reply