गो आश्रय में अव्यवस्था पर संचालक के खिलाफ प्राथमिकी

निरीक्षण में हरे चारे, पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था मिली खराब, पूर्व निर्देशों के बावजूद नहीं हुआ सुधार


गाजीपुर। देवकली विकासखंड के बड़हरा गांव स्थित अस्थायी गोवंश आश्रय स्थल में मानक के अनुरूप व्यवस्थाएं नहीं मिलने पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। निरीक्षण के दौरान हरे चारे की कमी और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं पाए जाने पर गो आश्रय स्थल के संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

    मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद के अनुसार, ग्राम पंचायत बड़हरा में संचालित इस गो आश्रय स्थल का संचालन शादियाबाद क्षेत्र के बुढ़नपुर स्थित श्री कृष्ण कन्हैया शिक्षण संस्थान द्वारा किया जा रहा है। संस्थान के प्रबंधक कन्हैया यादव हैं। 28 नवंबर को आश्रय स्थल के निरीक्षण में हरे चारे की पर्याप्त उपलब्धता नहीं मिली। इसके साथ ही परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई।

   प्रशासन के मुताबिक, इससे पहले भी प्रबंधक को व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन दोबारा निरीक्षण के दौरान स्थिति में कोई खास बदलाव नहीं मिला। अधिकारियों ने इसे गोवंश के स्वास्थ्य और देखभाल के प्रति गंभीर लापरवाही माना। इसके बाद जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर पशु चिकित्सा अधिकारी नंदगंज विवेक कुमार ने संचालक कन्हैया यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।

    जिलाधिकारी ने जिले के सभी गो आश्रय स्थलों में गोवंश के लिए भूसा, हरा चारा, पेयजल और साफ-सफाई सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि व्यवस्थाओं में लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारी, एनजीओ, प्रशासक या सचिव के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि गोवंश की देखभाल में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Views: 5


Leave a Reply