असलहा लहराने वालों पर कार्रवाई हेतु उच्चाधिकारियों व मुख्यमंत्री को आवेदन 

गाजीपुर। विपक्षियों पर असलहा लहराते हुए जान से मारने व गाली-गलौज करने की शिकायत करने के बावजूद पुलिस द्वारा यथोचित कार्यवाही न करने पर पीड़ित ने उच्चाधिकारियों व शासन से कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित ने तहरीर बदलवा कर विपक्षियों को बचाने का काम करने का आरोप बिरनो थाना पुलिस पर लगाते हुए इसकी लिखित शिकायत जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक,गृह सचिव व मुख्यमंत्री से की। उन्होंने दोषियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कराने व उनके असलहा के लाइसेंस रद्द करने की मांग की है।


     बताते चलें कि बिरनो थाना क्षेत्र के चक कपिल गांव निवासी रामाकांत पाण्डेय ने बताया कि गांव के  एक भूमि खण्ड की पक्की पैमाईश करने का प्रार्थना पत्र उपजिलाधिकारी को दिया था। इस पर क्षेत्रीय लेखपाल व कानूनगो द्वारा नापी कर फील्ड बुक बनाया गया। पत्थर गड़ी  के लिए कई बार क्षेत्रीय लेखपाल व कानूनगो पैमाईश करने के लिए आये परन्तु विपक्षी के प्रभाव में आकर पैमाईश टाली जाती रही। गत बीस फरवरी को क्षेत्रीय लेखपाल व कानूनगो सहित थाना को पत्थर गड़ी करने के लिए आये।  पुलिस बिना नापी कराये ही वापस चली गयी। उसके पश्चात कानूनगो व लेखपाल द्वारा फिल्ड बुक के बगैर ही मनमानी ढंग से पैमाईश करने लगे और रात होने पर सुबह नापी करने के लिए कहने पर विपक्षीगण अजीत दूबे, अजय दूबे व मंगल पाण्डेय हाथों में असलहा लेकर मां बहन  गालियां देते हुए फायर करने लगे। पीड़ित ने इसकी शिकायत डायल 112 के साथ बिरनो थाना पर की। थानाध्यक्ष द्वारा जबरदस्ती प्रार्थना पत्र से फायरिंग हटवाकर मामूली धारा में एफआईआर दर्ज कर विपक्षी को बचाने का कार्य किया। पीड़ित ने विपक्षियों द्वारा असलहा लहराने के वीडियो समेत आवेदन देकर विपक्षियों पर कार्रवाई की मांग की है।

Views: 11


Leave a Reply