सौगात ! पीएम ने डीजल इंजन से परिवर्तित विद्युत इंजन को दिखाई हरी झंडी, किया करोड़ों रुपए की योजनाओं का शुभारंभ

वाराणसी(उत्तर प्रदेश),19 फरवरी 2019। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में करोड़ों रूपये की लागत की विभिन्न विकास कार्यों की शुरूआत की। बनारस के औढ़े में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वंदे भारत बनाने वाले प्रोफेशनल्स ही कल भारत में बुलेट ट्रेन भी बनाएंगे और चलाएंगे। भारत को उन पर गर्व है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बनारस और आसपास के क्षेत्रों में सड़क और रेलवे से जुड़े जो कार्य किये जा रहे हैं, उससे पूर्वांचल में नए-नए उद्यमों के लिए रास्ते खुलने के साथ साथ आवागमन आसान होगा और व्यवसायियों और किसानों को भी लाभ मिलेगा।
इससे पूर्व उन्होंने डीजल रेल इंजन कारखाना से डीजल से विद्युत में परिवर्तित उच्च हार्स पावर के रेल इंजन को हरी झंडी दिखाकर राष्ट्र को समर्पित किया।
बताते चलें कि भारतीय रेलवे ने पहली बार डीजल लोकोमेटिव इंजन को विद्युत में परिवर्तित किया है। यह पूर्ण रूप से पर्यावरण के अनुकूल है।
बाद में प्रधानमंत्री मोदी संत रविदास जयंती के अवसर पर गुरू रविदास की जन्मस्थली पहुंचे और विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ सभी को मिलना चाहिए, भले ही वे किसी भी जाति, पंथ से संबंध रखते हों।


मोदी ने कहा कि संत रविवास ने ऐसे समाज का सपना देखा था, जहां सभी का ध्यान रखा जाए। केंद्र सरकार पिछले साढ़े चार वर्ष से ‘सबका साथ सबका विकास’ के जरिए इसी मार्ग पर चलने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ‘विकास की पंचधारा’ यानि बच्चों को पढाई, युवाओं को कमाई, बुजुर्गों को दवाई, किसानों को सिचांई और जन-जन की सुनवाई सुनिश्चित करने के लिये लगातार प्रयास कर रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सरकार का हर कदम, हर योजना गुरू रविदास की भावनाओं के अनुकूल है। गरीब परिवारों के हर घर को अपना शौचालय, हर परिवार को उज्जवला के तहत गैस का सिलेंडर, गरीब को मुफ्त में बिजली का कनेक्शन, गरीब के परिवार को पांच लाख रुपए तक का नि:शुल्क इलाज, गरीब एवं मध्यम वर्ग के परिवारों को बिना गारंटी बैंक से मुद्रा योजना के तहत कर्ज, किसान के खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचाने से लेकर देश के लगभग 12 करोड़ गरीब किसानों को हर वर्ष छह हजार रूपये की सीधी मदद मुहैया कराई जा रही है। समाज के उपेक्षित रहे वर्गों को ऊपर उठाने के लिए कई योजनायें चलाई जा रही हैं।
उन्होंने कहा, ‘हमारी सरकार ने नोटबंदी, बेनामी संपत्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई या कालेधन के खिलाफ सख्ती करके उस प्रवृत्ति को खत्म करने का प्रयास किया है।

Views: 4

Advertisements

Leave a Reply