स्मारक सिक्का ! अटल बिहारी वाजपेयी के सम्मान में प्रधानमंत्री ने किया जारी
नई दिल्ली, 24 दिसम्बर 2018। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सम्मान में 100 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया है ।
उल्लेखनीय है कि कल 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री की जयंती है और सरकार ने उनकी 95वीं जन्मतिथि को खास बनाया है। बताते चलें कि स्व.अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म 25 दिसंबर 1924 को ग्वालियर में हुआ था। इस सिक्के के एक ओर पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी की तस्वीर तो दूसरी तरफ अशोक स्तंभ होगा। 35 ग्राम के इस सिक्के के एक तरफ पूर्व प्रधानमंत्री का पूरा नाम देवनागरी और अंग्रेजी में लिखा होगा। तस्वीर के निचे वाजपेयी का जन्म वर्ष 1924 और देहांत का वर्ष 2018 अंकित रहेगा। सिक्के की बांयी परिधि पर देवनागरी लिपि में भारत और दांयी तरफ अंग्रेजी में इंडिया लिखा होगा। इस स्मारक सिक्के को 100 रुपये के मूल्य वर्ग में रखने की योजना है। वास्तव में यह सिक्का प्रचलन में नहीं आयेगा। सम्भवतः इस सिक्के को 3300 से 3500 रुपये की प्रीमियम दरों पर बेचे जाने की उम्मीद है। वित्त मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार सिक्के का डिजाइन तैयार है और मुंबई टकसाल जल्द ही इसकी ढलाई का काम शुरू करने वाला है।
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 94वीं जयंती की पूर्व संध्या पर उनकी स्मृति में 100 रुपये का सिक्का जारी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कुछ लोगों के लिये सत्ता जहां ऑक्सीजन के समान है, वहीं वाजपेयी अपने सार्वजनिक जीवन में लम्बे समय तक विपक्ष में बैठक कर राष्ट्रहित से जुड़े विषय उठाते रहे ।अटलजी ने लोभ और स्वार्थ के बजाय सदैव देश और लोकतंत्र को सर्वोपरि रखा और उसे ही चुना । मोदी ने कहा कि अटल जी चाहते थे कि लोकतंत्र सर्वोच्च रहे। वह समाज के सभी वर्गों के प्रति प्रेम रखने वाले और सम्मानित व्यक्ति थे। एक वक्ता के रूप में, वह अद्वितीय थे। वह हमारे देश के सर्वश्रेष्ठ वक्ताओं में से एक थे। अटल जी का जीवन आने वाली पीढ़ियों को सार्वजनिक जीवन के लिए, व्यक्तिगत जीवन के लिए, राष्ट्र जीवन के लिए समर्पण भाव की खातिर हमेशा हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।
उल्लेखनीय है कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का लंबी बीमारी के बाद 93 साल की उम्र में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में गत 16 अगस्त की शाम निधन हो गया था।
Views: 7









