तूफान ‘पेथाई’! आंध्र प्रदेश में खतरा बरकरार
नई दिल्ली, 15 दिसम्बर 2018। बंगाल की खाड़ी के दक्षिण उत्तर में बने कम दबाव के क्षेत्र के चलते आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में तूफ़ान का खतरा बना हुआ है। इसके चलते आज दिन में बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान ‘पेथाई’ के आने की उम्मीद जताई गयी है।
सूचना के अनुसार, चक्रवात के अगले 72 घंटों के अंदर आगे बढ़ने की आशंका है। यह चक्रवात उत्तरी तमिलनाडु की तरफ पश्चिम की ओर बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर मछुआरों को समंदर में अंदर ना जाने की चेतावनी दी है। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात के कारण आसमान में बादल छाए हुए हैं, साथ ही उत्तरी ठंडी हवाओं के कारण सर्दी में भी इजाफा हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात आने के पहले तटीय इलाकों में 13 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से हवाएं चल रहीं हैं।
चक्रवात “पेथाई” आंध्र प्रदेश के तटीय इलाके ओंगोले और काकीनाड़ा से 17 दिसंबर को टकराएगा। इस दौरान भारी बारिश होने की संभावना है। इस तूफ़ान का असर तमिलनाडु और श्रीलंका में दिखेगा। शनिवार और रविवार को इन तीनों तटीय इलाकों में बारिश की सम्भावना है।
Views: 5








