राफेल ! शीर्ष अदालत का फैसला – झूठ की राजनीति करनेवालों के मुंह पर तमाचा- शाह

नई दिल्ली, 14 दिसम्बर 2018। “सुप्रीम कोर्ट का जजमेंट झूठ की राजनीति करने वालों के मुंह पर जोरदार तमाचा है।” यह कहना है भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का। राफेल पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि ‘मैं सर्वोच्च अदालत के फैसले का स्वागत करता हूं। सच की जीत हुई। आजादी के बाद एक कोरे झूठ के आधार पर देश की जनता को गुमराह करने का यह प्रयास देश की सबसे पुरानी पार्टी ने किया। कांग्रेस अध्यक्ष ने अपने व पार्टी के फायदे के लिए झूठ की एक नई राजनीति की शुरुआत की।अमित शाह ने कहा कि ‘सुप्रीम कोर्ट का जजमेंट झूठे आरोप लगाने की राजनीति के मुंह पर तमाचा है। झूठ के पैर नहीं होते हैं। विजय हमेशा सत्य की होती है। राफेल खरीद के सम्बन्ध में देश की जनता को गुमराह करने और सेना के बीच में सन्देश पैदा करने के लिए राहुल गांधी को देश की जनता से मांफी मांगनी चाहिए।


    उल्लेखनीय है कि राफेल सौदा मामले में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुये कई जनहित याचिका दायर की गयी थीं। सुप्रीम कोर्ट में सभी याचिकाएं खारिज करते हुए कहा कि राफेल सौदे की जांच कराने के लिए सुप्रीम कोर्ट तैयार नहीं है। सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को राफेल सौदे की जांच की मांग वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए यह फैसला सुनाया है। सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में साफ तौर पर कहा है कि वह राफेल सौदे से जुड़ी किसी भी जांच के लिए तैयार नहीं है। सीजेआई रंजन गोगोई, न्यायमूर्ति संजय किशन कौल और न्यायमूर्ति केएम जोसेफ की पीठ ने इस मामले में दायर याचिकाओं पर 14 नवंबर को सुनवाई पूरी की थी।

बताते चलें कि राफेल कई भूमिकाएं निभाने वाला और दोहरे इंजन से लैस फ्रांसीसी लड़ाकू विमान है और इसका निर्माण डसॉल्ट एविएशन ने किया है। राफेल विमानों को वैश्विक स्तर पर सर्वाधिक सक्षम लड़ाकू विमान माना जाता है। फ्रांस की यात्रा के दौरान, 10 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा की कि सरकारों के स्तर पर समझौते के तहत सरकार 36 राफेल विमान खरीदेगी।

Views: 4

Advertisements

Leave a Reply