स्कूली वैन व बाइक की टक्कर में बाइक सवार दो युवक जख्मी
गाजीपुर। स्कूली छात्रों से भरी वैन और बाइक की हुई जोरदार टक्कर में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा बहरियाबाद थाना क्षेत्र के उदंती नदी पुल पर गुरुवार को हुआ।
बताया गया कि कृष्णा सन साइन कॉन्वेंट स्कूल कादीपुर बहरियाबाद की वैन स्कूली बच्चों को स्कूल से गहनी तथा उकरांव गांव छोड़ने जा रही थी। उसी दौरान सामने से आ रही बाइक अनियंत्रित होकर स्कूली वैन से टकरा गयी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूली वैन का दाहिना हिस्सा आगे से क्षतिग्रस्त हो गया।
बाइक पर सवार तीन युवकों में दो बुरी तरह ज़ख़्मी हो गये। घायलों की पहचान क्षेत्र के बैरख निवासी 28 वर्षीय दिनेश पुत्र सोमारु और उसके बहनोई औराई कला बलिया निवासी 27 वर्षीय गोलू पुत्र जयप्रकाश के रूप में हुई । उन्हें बेहोशी की हालत में ग्रामीणों की मदद से एम्बुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर भेजा गया। बाइक पर सवार तीसरा युवक, जलालपुर धनी निवासी मन्नू पुत्र बंशी, जो दिनेश का चाचा बताया गया जो हल्की चोट के बाद मौके से फरार हो गया।
सूचना पाकर पहुंचे बहरियाबाद थानाध्यक्ष कृष्ण प्रताप सिंह ने क्षतिग्रस्त स्कूल वैन तथा बाइक को कब्जे में ले लिया। स्कूल वैन चालक यशवंत सोनकर ने बताया कि वह और वैन में बैठे सभी बच्चे पूरी तरह सुरक्षित रहे। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, स्कूल वैन अपनी सही दिशा में जा रही थी, लेकिन सामने से आ रही अनियंत्रित बाइक गलत दिशा से आकर वैन से टकरा गई। ग्रामीणों ने आरोप रहा कि बाइक सवार तीनों युवक नशे में धुत थे, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई।
Views: 46








