नेत्र चिकित्सा शिविर में 200 मरिजों का हुआ परीक्षण
उन्चास मरीज निःशुल्क आपरेशन हेतु वाराणसी पहुंचे
गाजीपुर। स्वामी रामकृष्ण इण्टर कालेज जाहीं झोटना में गुरुवार को आर जे शंकरा नेत्रालय वाराणसी की चिकित्सकीय टीम द्वारा नेत्र चिकित्सा शिविर सम्पन्न हुआ।
शिविर का उद्घाटन विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार मिश्र द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि आंख ही वह माध्यम है जो इस सुन्दर दुनिया को देखने में मदद करती है। मुझे शिविर लगाने की प्रेरणा अपने अग्रज और विद्यालय के प्रबंधक ओमप्रकाश मिश्र से प्राप्त हुई। वे रेटिनाइटिस पिगमेंटोसा नामक बीमारी से पीड़ित हैं। उनकी रोशनी पूरी तरह से जा चुकी है। मुझे यह लगा कि अगर थोड़े से प्रयास से किसी की दुनिया में उजाला आ जाए तो इसे प्रसन्नता पूर्वक करना चाहिए। उसी कड़ी में प्रयास किया गया और उसका परिणाम यह शिविर है।
निःशुल्क चिकित्सा शिविर में क्षेत्र के दो सौ से अधिक लोगों ने नेत्र परीक्षण कराकर चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त किया। नेत्र परीक्षण के उपरान्त उन्चास मरीजों को आपरेशन के लिए वाराणसी ले जाया गया। वहां पूरा उपचार निःशुल्क दिया जाएगा तथा ऑपरेशन के बाद अस्पताल के ही वाहन द्वारा घर तक मरीजों को वापस पहुंचाया जाएगा।
चिकित्सकों की टीम में डॉ प्रवीण शाह, नर्स संजू, विज़न केयर अंशिका, शिविर संयोजक चन्दन, व हरिशंकर आदि उपस्थित रहे। शिविर को सफल बनाने में इंद्रजीत सिंह पूर्व प्रधान जखनियां, पी जी कॉलेज भुड़कुडा के डॉ संतोष कुमार मिश्र, सामाजिक कार्यकर्ता अशोक चौहान, गम्भीर यादव, सुमंत यादव, सन्तोष यादव सहित विद्यालय परिवार पूरे मनोयोग से लगा रहा। शिविर सम्पन्न होने पर विद्यालय प्रबंधन द्वारा आर.जे. शंकरा नेत्रालय की टीम व संचार माध्यमों से जुड़े लोगों तथा सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
Views: 13








