दो वैवाहिक कार्यक्रमों में जमकर मारपीट
आधे दर्जन लोग घायल
गाजीपुर। बारात में डीजे की धुन पर नृत्य करने और पुरानी रंजिश को लेकर रविवार की रात घराती और बाराती आपस में ही भिड़ गये। इसमें आधा दर्जन लोगों के सिर फट गये।
ये हादसा सादात थाना क्षेत्र के दो गांवों में हुआ। बाद में पुलिस अभिरक्षा में शादी को सम्पन्न कराने के बाद बारात विदा हुई।
पहला मामला सादात थाना क्षेत्र के हुरमुजपुर के बक्सूपूर मौजा का रहा। वहां सेवानिवृत्त शिक्षक रामधनी राम की नतनी का विवाह होना था। वहां पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में हाथापाई होने लगी और देखते ही देखते वहां लाठी डंडा चलने लगा। इस मारपीट में दो लोगों का सिर फट गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर शादी सम्पन्न कराया।
वहीं दूसरी घटना सादात थाना क्षेत्र के सरदरपुर गांव की दलित बस्ती में हुई। आजमगढ़ के तरवां से बारात सरदरपुर गांव के बबलू राम के यहां आयी थी। वहां डीजे पर डांस को लेकर बाराती और घराती ही आपस में भिड़ गये। वहां जमकर हुई मारपीट में घराती सनी और विक्की सहित बारात में आए तीन लोगों के सिर फट गये और दूल्हे की गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं दूल्हे के भाई की पिटाई के कारण वर पक्ष ने शादी से इंकार कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक अनिल शुक्ला और अन्य पुलिसकर्मियों ने समझा बुझाकर मामले को शांत कराया और घायलों का निजी चिकित्सक के यहां उपचार कराया गया। फिर पुलिस की देखरेख में विवाह सम्पन्न कराया। उप निरीक्षक अनिल शुक्ला ने बताया कि दोनों मामले में लोगों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया गया और किसी पक्ष से कोई तहरीर नहीं दी गई है।
Views: 167









