देव दीपावली पर दशाश्वमेध घाट पर होगा मां गंगा का अभिषेक
गंगोत्री सेवा समिति की परंपरा के साथ बटुकों के मंत्रोच्चार और डमरुदलों की थाप पर होगी महाआरती

वाराणसी। देवाधिदेव महादेव की नगरी काशी में देव दीपावली का पर्व इस वर्ष भी श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर प्राचीन दशाश्वमेध घाट पर गंगोत्री सेवा समिति की ओर से भव्य गंगा महाआरती का आयोजन किया जाएगा। वैदिक मंत्रोच्चार, शिव महिमा के गुणगान और डमरुओं की गूंज के बीच 151 लीटर दूध से मां गंगा का अभिषेक किया जाएगा। आयोजन में गंगा की अविरलता और निर्मलता का संदेश देते हुए पर्यावरण अनुकूल दीपदान भी किया जाएगा।
समिति के संस्थापक अध्यक्ष पं. किशोरी रमण दुबे ‘बाबू महाराज’ और सचिव पं. दिनेश शंकर दुबे ने प्रेसवार्ता में बताया कि समिति अपनी 36 वर्षों से चली आ रही आध्यात्मिक परंपरा को इस वर्ष भी पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ आगे बढ़ाएगी। कार्यक्रम के दौरान मां गंगा का पूजन-अर्चन, वैदिक मंत्रोच्चार, स्तुति और दुग्धाभिषेक के बाद भव्य महाआरती की जाएगी। गंगा तट पर स्थापित मां गंगा की 108 किलोग्राम की अष्टधातु प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगी।
आयोजन की भव्यता के लिए दशाश्वमेध घाट को करीब 500 किलोग्राम देशी-विदेशी फूलों से सजाया जाएगा। महाआरती में 21 बटुक वैदिक मंत्रों का उच्चारण करेंगे, जबकि 21 डमरुदलों की थाप वातावरण को शिवमय बनाएगी। आयोजन की एक विशेषता यह भी होगी कि ऋद्धि-सिद्धि के स्वरूप में बेटियां महाआरती का नेतृत्व करेंगी। इसके माध्यम से नारी शक्ति के सम्मान और सनातन परंपरा में महिलाओं की सहभागिता का संदेश दिया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सुमेरु पीठ के शंकराचार्य स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती करेंगे। महाआरती के बाद गीतकार कन्हैया दुबे ‘केडी’ के संयोजन में सांस्कृतिक संध्या आयोजित होगी। इसमें भक्ति संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से मां गंगा की महिमा तथा काशी की आध्यात्मिक विरासत को प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला करेंगे।
केदार घाट पर भी होगा विशेष आयोजन
देव दीपावली के अवसर पर पौराणिक केदार घाट भी भक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जगमगाएगा। यहां गंगोत्री सेवा समिति की ओर से पं. संदीप कुमार दुबे ‘सोनू महाराज’ के संयोजन में विशेष गंगा आरती और सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा।
सोनू महाराज ने बताया कि समिति की ओर से केदार घाट पर नियमित रूप से गंगा आरती की जाती है। देव दीपावली पर इस परंपरा को विशेष स्वरूप दिया जाएगा। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां गंगा का पूजन-अर्चन, दीप प्रज्वलन और महाआरती होगी। इसके बाद सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए गंगा महिमा और सनातन संस्कृति की झलक प्रस्तुत की जाएगी। दीपों से जगमगाते घाट और आरती के स्वरों के बीच श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण की अनुभूति कराने की तैयारी है।
Views: 3










