नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह 22 नवंबर से भारत दौरे पर

दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा, कनेक्टिविटी और विकास परियोजनाओं पर होगी चर्चा


बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण के लिए नेपाल ने मांगी दो अरब डॉलर की सहायता

नई दिल्ली। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र (बालेन) शाह 22 और 23 नवंबर को भारत की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद यह उनकी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा है। इस दौरान वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे। दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा, जल संसाधन, परिवहन और डिजिटल कनेक्टिविटी सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी।

      विदेश मंत्रालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, बालेन शाह 22 नवंबर को नई दिल्ली पहुंचेंगे और शाम को विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात करेंगे। अगले दिन 23 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी द्विपक्षीय वार्ता होगी। इसके बाद वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे। 

    बालेन शाह की इस भारत यात्रा में आर्थिक सहायता का मुद्दा भी प्रमुख रहेगा। नेपाल ने बुनियादी ढांचे के विकास और अगस्त में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण के लिए भारत से करीब दो अरब डॉलर के आर्थिक पैकेज का अनुरोध किया है। इसमें एक अरब डॉलर का रियायती ऋण, 50 करोड़ डॉलर का अनुदान और पुनर्निर्माण एवं पुनर्वास के लिए 50 करोड़ डॉलर की सहायता शामिल है। इस प्रस्ताव पर दोनों पक्षों के बीच बातचीत होने की संभावना है। इसके साथ ही वार्ता में नेपाल की हवाई कनेक्टिविटी, सड़क और रेल संपर्क, ऊर्जा व्यापार तथा जल संसाधनों से जुड़े मुद्दे भी शामिल होंगे। नेपाल भारत से अपने कुछ हवाई अड्डों के लिए अतिरिक्त हवाई प्रवेश मार्ग उपलब्ध कराने की मांग कर रहा है। इसके अलावा सीमा पार रेल संपर्क, विकास परियोजनाओं और डिजिटल सहयोग को आगे बढ़ाने पर भी विचार किया जाएगा।

दोनों देशों के बीच पहले भी हुए हैं अहम समझौते

भारत और नेपाल के बीच व्यापार, पारगमन, जल संसाधन और ऊर्जा के क्षेत्र में लंबे समय से सहयोग रहा है। वर्ष 1991 में व्यापार एवं पारगमन समझौतों पर हस्ताक्षर हुए थे, जबकि 1996 में महाकाली संधि ने जल संसाधन और ऊर्जा सहयोग को नया आधार दिया। वर्ष 2015 में नेपाल के नए संविधान के लागू होने के बाद दोनों देशों के संबंधों में तनाव भी आया था। बाद के वर्षों में उच्चस्तरीय यात्राओं और वार्ताओं के जरिए संबंधों को आगे बढ़ाने के प्रयास हुए।

जून 2023 में तत्कालीन नेपाली प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ की भारत यात्रा के दौरान ऊर्जा सहयोग को लेकर महत्वपूर्ण सहमति बनी थी। भारत ने अगले दस वर्षों में नेपाल से 10 हजार मेगावाट बिजली आयात करने का लक्ष्य घोषित किया था। अब बालेन शाह की यात्रा में दोनों देशों के बीच पहले से चल रहे सहयोग को आगे बढ़ाने और नई विकास परियोजनाओं पर सहमति बनाने की उम्मीद है।

Views: 5


Leave a Reply