कल संध्या छह बजे अफीम फैक्ट्री में होगा एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल

सायरन बजने से लेकर राहत-बचाव तक का होगा अभ्यास


गाजीपुर। जनपद में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने और नागरिक सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों को परखने के लिए रविवार, 22 नवंबर को शाम छह बजे शासकीय अफीम कारखाना परिसर में सिविल डिफेंस एयर रेड एवं ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज-2026 आयोजित की जाएगी। इसके लिए जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां पूरी करने और आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

       मॉक ड्रिल की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर रायफल क्लब सभागार में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वेद सिंह चौहान की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें नागरिक सुरक्षा, पुलिस, होमगार्ड, स्वास्थ्य, अग्निशमन, नगर पालिका, विद्युत, लोक निर्माण, आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में अभ्यास की रूपरेखा तय करते हुए विभागवार जिम्मेदारियों पर चर्चा की गई।

सायरन से ब्लैकआउट तक होगा अभ्यास

निर्धारित प्रक्रिया के तहत हवाई हमले की चेतावनी के लिए दो मिनट तक ऊंची-नीची आवाज में सायरन बजाया जाएगा। इसके बाद निर्धारित क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद कर ब्लैकआउट का अभ्यास कराया जाएगा। इस दौरान नागरिकों को सुरक्षित स्थानों और शेल्टरों में शरण लेने की प्रक्रिया समझाई जाएगी। खतरा समाप्त होने पर दो मिनट तक लगातार ऊंची आवाज में ऑल क्लियर सायरन बजाया जाएगा।

राहत और बचाव की गतिविधियों का होगा प्रदर्शन

मॉक ड्रिल के दौरान छोटी आग बुझाने के लिए अग्निशमन यंत्रों तथा बड़ी आग पर काबू पाने के लिए फायर सर्विस के वाहनों का इस्तेमाल किया जाएगा। घायलों को प्राथमिक उपचार देने, क्षतिग्रस्त भवनों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और गंभीर रूप से घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास भी होगा। सभी गतिविधियां निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूरी की जाएंगी।

बैठक में नागरिक सुरक्षा के उप नियंत्रक ध्रुव शुक्ला, चीफ वार्डन संतोष कुमार वर्मा, डिप्टी चीफ वार्डन आकाशदीप, सेक्टर वार्डन अभिषेक कुमार सिंह, एडिशनल सीएमओ मनोज सिंह सहित पुलिस, स्वास्थ्य, पशुपालन, एनसीसी, नगर पालिका, अग्निशमन, होमगार्ड, नेहरू युवा केंद्र, लोक निर्माण विभाग, सूचना विभाग, स्थानीय एनजीओ और शासकीय अफीम कारखाने के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक का संचालन आपदा विशेषज्ञ अशोक राय ने किया।

प्रशासन के अनुसार इस अभ्यास का उद्देश्य युद्ध, हवाई हमले और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशासनिक तंत्र, सुरक्षा एजेंसियों तथा नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों की तत्परता परखना है। साथ ही आम नागरिकों को संकट के समय सुरक्षित रहने और राहत-बचाव की प्रक्रियाओं से परिचित कराना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है।

Views: 5


Leave a Reply