मतदाता सूची पुनरीक्षण में पात्र युवाओं का नाम जोड़ने पर जोर
डीएम ने कई मतदान केंद्रों का किया आकस्मिक निरीक्षण
गाजीपुर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत रविवार को विशेष अभियान दिवस पर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जनपद के विभिन्न मतदान केंद्रों और बूथों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सबसे पहले विधानसभा क्षेत्र 375 के उच्च प्राथमिक विद्यालय विशेश्वरगंज स्थित मतदान बूथ का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक बूथ पर जनसंख्या के सापेक्ष लगभग 64 प्रतिशत मतदाता पंजीकृत होने चाहिए। साथ ही 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं का फॉर्म-6 भरवाकर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर विशेष जोर दिया, ताकि कोई भी पात्र युवा मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
इसके बाद उन्होंने विधानसभा क्षेत्र 376 के उच्च प्राथमिक विद्यालय अंधऊ में बूथ संख्या 305, 306 और 307 तथा कंपोजिट प्राथमिक विद्यालय अंधऊ के बूथ संख्या 1 से 4 तक का निरीक्षण किया। होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज गाजीपुर में बूथ संख्या 333 से 341 तक कुल नौ बूथों की स्थिति देखी। विधानसभा क्षेत्र 375 के उच्च प्राथमिक विद्यालय बीकापुर में बूथ संख्या 178, 179 और 180 तथा विधानसभा क्षेत्र 376 के प्राथमिक विद्यालय चक अब्दुल वहाब में बूथ संख्या 326 और 327 का भी निरीक्षण किया। इसके अलावा कुमार ग्रामीण बालिका इंटर कॉलेज, गहिली बसारिकपुर स्थित तीन बूथों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। पात्र नागरिकों, विशेषकर नए युवा मतदाताओं का फॉर्म-6 भरवाकर उनका नाम सूची में दर्ज कराया जाए। उन्होंने पुनरीक्षण कार्य को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करने पर बल दिया।
Views: 0









