कर्मचारियों के लिए सदैव तत्पर रहे डीएन सिंह
पुण्यतिथि पर कर्मचारी नेता को दी गयी श्रद्धांजलि
गाजीपुर। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष, संगठन मंत्री तथा सिंचाई संघ के प्रदेश चेयरमैन डीएन सिंह की नौवीं पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गयी।
गुरुवार को श्रमिक उत्थान समिति के तत्वावधान में फुल्लनपुर स्थित आवास पर आयोजित सभा में कर्मचारियों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। वक्ताओं ने कहा कि नलकूप विभाग से जुड़े हजारों कर्मचारियों को राज्य कर्मचारियों के सामान वेतन भत्ते दिलाने में डीएन सिंह ने जो सशक्त आंदोलन किया था वह आज भी कर्मचारी संगठनों के लिए प्रेरणा स्रोत है। ऐसे में कर्मचारियों का संगठित होना ही उनको सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे समिति के संरक्षक अरविंद नाथ राय ने कहा कि डीएन सिंह का कर्मचारी संघर्ष का इतिहास हमेशा याद किया जाएगा। डीएन सिंह कर्मचारी हितों को ही सर्वोपरि मानते थे। वे कर्मचारियों व असहायों के मसीहा थे। वे भले ही आज इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन हमारे दिलों में आज भी जिंदा हैं। माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष शिवकुमार सिंह ने कहा कि डीएन सिंह के नेतृत्य में डेढ़ दशक तक कर्मचारियों का उत्पीड़न नहीं हुआ। उनके कार्यों व पदचिन्हों पर चलने से ही कर्मचारी तथा समाज का भला हो सकेगा। समिति के अध्यक्ष चौधरी दिनेश चंद्र राय ने उनके व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला और कहा कि डीएन सिंह जैसा कर्मचारी नेता नहीं मिलेगा। वह अपने व्यक्तित्व के बल पर कर्मचारियों को बिना लड़ाई के अनगिनत उपलब्धियां दिलाई हैं। जब भी कर्मचारियों के हितों पर कुठाराघात हुआ, डीएन सिंह ने घर परिवार को त्याग कर आंदोलन की राह पकड़ ली थी। माध्यमिक शिक्षक संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष नारायण उपाध्याय, कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष बालेन्द्र त्रिपाठी ने उनके साथ गुजारे अनुभव को सभी के सामने रखा। कार्यक्रम में रविन्द्र तिवारी, आशुतोष पाण्डेय, दिनेश सिंह यादव, राम सिंह, संतोष कुमार सिंह, एसपी यादव, श्रीनिवास चौबे, दीपक त्रिपाठी, अभय सिंह, रमाकांत राम, विपिन कुमार सिंह, राजवीर सिंह, गायत्री सिंह, राजीव कुमार सिंह आदि रहे। अध्यक्षता दिनेश चंद्र राय और संचालन राजीव कुमार सिंह ने किया।
Views: 9









