मिनी बस व विक्रम की भीषण टक्कर, 16 लोगों की मौत आधा दर्जन जख्मी

तेज रफ्तार मिनी बस व विक्रम की आमने सामने हुई जबरदस्त टक्कर में जहां 16 लोगों की मौत हो गई, वहीं आधा दर्जन से अधिक यात्री जख्मी हो गये।
    यह दर्दनाक हादसा मंगलवार की रात  कानपुर जिले के आउटर क्षेत्र स्थित सचेंडी थाना क्षेत्र के किसान नगर क्षेत्र में हुआ। दुर्घटना की जानकारी पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया है।
     जानकारी के मुताबिक, सचेंडी के किसान नगर क्षेत्र में नहर के पास, सवारियों से भरी, तेज रफ्तार प्राइवेट मिनी बस और विक्रम में भीषण टक्कर हो गई। टक्कर होते ही सवारियों में चीख—पुकार मच गई और हाइवे पर जाम लग गया।      दुर्घटना की सूचना मिलते ही सचेंडी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकालते हुए राहत कार्य शुरु किया।
     आनन—फानन में पुलिस ने घायलों को एम्बुलेंस से हैलट अस्पताल पहुंचाया। बताया गया कि हादसे में 16 लोगों की मौत हुई है। वहीं डेढ़ दर्जन लोगों को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अस्पताल में डॉ आरबी कमल के साथ सीएमओ डा. नेपाल सिंह मौके पर पहुंच गए हैं। हादसे की जानकारी पर आलाधिकारियों ने संज्ञान लेते हुए घायलों का बेहतर इलाज किए जाने की बात कही है। वही, पुलिस मृतकों की शिनाख्त में जुट गई है।
      मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानपुर में हुए भीषण दुर्घटना का संज्ञान लिया है। उन्होंने मृतकों के प्रति शोक संवेदना प्रकट की है। उन्होंने जिला व पुलिस प्रशासन को घटना में राहत कार्य करने के साथ ही घायलों का बेहतर इलाज किए जाने के आदेश और मृतकों को उचित मुआवजा दिए जाने की बात कही है।

Views: 135

Leave a Reply