विवादित भूमि! स्थापित होने से पहले ही हटी अंबेडकर व रविदास की प्रतिमा

गाजीपुर। विवादित भूमि पर अम्बेडकर व रविदास की मूर्ति स्थापित करने को लेकर शनिवार की सुबक्ष दो पक्ष आपस में ही भिड़ गये।
नाजुक स्थिति देखते हुए मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद राजेश कुमार ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर दोनों प्रतिमाओं को वहां से हटवाया।
बताते चलें कि करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के गढ़ार गांव के बसपा कार्यकर्ता चंद्रमा राम के घर के पास में एक भूमिखंड है, जिस पर चंद्रमा राम व अभिलाष यादव अपना अपना दावा करते हैं। उसी विवादित भूमि पर आज सुबह चंद्रमा राम अपने दो दर्जन सहयोगियों के साथ पहुंच कर रविदास व अम्बेडकर की प्रतिमा रख दी। जैसे ही इसकी भनक अभिलाष को हुई तो वह भी अपने सहयोगियों के साथ उसी विवादित भूमि पर आ धमके। फिर क्या था दोनों पक्ष आमने सामने आ गये और दोनों पक्षों में गरमागरम बहस होने लगी।
स्थिति की नाजुकता को समझते हुए किसी ने इसकी जानकारी प्रशासन को दे दी। आननफानन मे उपजिलाधिकारी, तहसीलदार व अन्य पुलिस बल के साथ मौक ए वारदात पर जा पहुंचे और लोगों को समझा बुझाकर वह स्थान खाली कराया और तनाव पूर्ण स्थिति को देखते हुए वहां पुलिस बल को तैनात कर दिया।
वहीं अभिलाष यादव की तहरीर पर पुलिस ने 22 नामजद व 10 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने पांच आरोपी गुलाब चंद, मुन्ना राम, बाढू राम, राजकुमार व नंदू राम को गिरफ्तार कर लिया है।
थानाध्यक्ष रामनेवास के अनुसार, गांव में शांति व्यवस्था कायम है। एहतियात के तौर पर वहां पुलिस फोर्स तैनात है। मुकदमा दर्ज कर अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जा रही है।

Visits: 14

Leave a Reply