बॉलीवुड अभिनेता को देखने उमड़ी भीड़
फिल्म ‘गन मास्टर जी 9’ के प्रमोशन के लिए पहुंची टीम
जौनपुर। बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी ने कहा कि जौनपुर की जनता से मिले प्यार और अपनापन को वह कभी भुला नहीं पाएंगे। यहां का उत्साह और लोगों का स्नेह उनके लिए यादगार रहेगा। वह गुरुवार को अपनी आगामी फिल्म ‘गन मास्टर जी 9’ के प्रचार के सिलसिले में मोहम्मद हसन इंटर कॉलेज के मैदान में पहुंचे थे। उनके साथ फिल्म अभिनेत्री जेनेलिया देशमुख सहित टीम के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में इमरान हाशमी की एक झलक देखने और सुनने के लिए हजारों की संख्या में युवा जुटे। अभिनेता ने लोगों से 27 नवंबर को रिलीज होने जा रही फिल्म को सिनेमाघरों में देखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जौनपुर ‘शिराज-ए-हिंद’ के नाम से देश-दुनिया में अपनी अलग पहचान रखता है और यहां मिले जनसमर्थन से वह बेहद अभिभूत हैं। उन्होंने जल्द ही दोबारा जौनपुर आने और भविष्य में यहां अपनी किसी फिल्म की शूटिंग करने की इच्छा भी जताई।
फिल्म का निर्देशन आदित्य दत्त ने किया है और इसके निर्माता दीपक मुकुट हैं। फिल्म में पूर्व आईएएस अधिकारी अभिषेक सिंह ने पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाई है। अभिनेत्री जेनेलिया देशमुख ने भी युवाओं से फिल्म को सिनेमाघरों में देखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि फिल्म में दर्शकों के मनोरंजन के लिए कई आकर्षक पहलू हैं।

कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। बड़ी संख्या में युवाओं की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस टीम मुस्तैद रही। सीओ सिटी सम्यक चौधरी पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते नजर आए।
Views: 5










