प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज


भाजपा जिलाध्यक्ष ने अरविंद मिल और हेलीपैड स्थल का लिया जायजा, एसपीजी ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था


वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 अक्टूबर को प्रस्तावित वाराणसी दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र के खोचवां गांव (रूपापुर) के समीप हाईवे किनारे तैयार अरविंद मिल का गुरुवार को भाजपा जिलाध्यक्ष राम शकल पटेल ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मिल से करीब 650 मीटर दूर बनाए जा रहे प्रधानमंत्री के हेलीपैड स्थल का भी निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद नायब तहसीलदार संग्राम सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री के लिए तीन हेलीपैड तैयार किए जा रहे हैं, जबकि मुख्यमंत्री के लिए जनता इंटर कॉलेज के मैदान में हेलीपैड बनाया जा रहा है।

प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए अरविंद मिल की सुरक्षा व्यवस्था एसपीजी ने संभाल ली है। परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा जांच की जा रही है तथा पुलिस बल की तैनाती की गई है। मिल के चीफ मैनेजर अनुज शर्मा के अनुसार यहां करीब एक हजार महिलाओं को रोजगार दिए जाने की योजना है। इनमें आसपास के गांवों की महिलाओं को प्राथमिकता दिए जाने की बात कही गई। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री करीब 11 बजे मिल पहुंच सकते हैं और लगभग 30 मिनट के कार्यक्रम के बाद पुलिस लाइन के लिए रवाना होने की संभावना है। इस दौरान उनके मिल में कार्यरत महिलाओं से संवाद करने का भी कार्यक्रम बताया गया है।

     प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन की ओर से आसपास के मार्गों की मरम्मत, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। हाईवे से गांवों तक सफाई अभियान चलाया जा रहा है, जबकि एनएचएआई की ओर से नालों और अन्य स्थानों पर रंगाई-पुताई का कार्य कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान जिला महामंत्री संजीव सिंह गौतम, कोषाध्यक्ष जगदीश जायसवाल, मीडिया प्रभारी अभिषेक त्रिपाठी ‘सुमित’, सौरभ सिंह, अमित सिंह ‘पीयूष’, ओपी पटेल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Views: 10


Leave a Reply