पचास लाख से अधिक की हेरोइन के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी बरामद

गाजीपुर। रामपुर मांझा थाना पुलिस और स्वाट टीम ने चेकिंग के दौरान तीन युवकों को 262.16 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस के अनुसार बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख 73 हजार रुपये है। आरोपितों के पास से दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक मंगलवार 20 अक्टूबर को थानाध्यक्ष कौशलेन्द्र प्रताप सिंह और स्वाट टीम के प्रभारी उपनिरीक्षक शिवमणि त्रिपाठी हमराहियों के साथ चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर मुस्लिमपुर गांव में मस्जिद के सामने हाईवे के दक्षिणी लेन के किनारे गुमटी के पास बैठे तीन संदिग्धों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 262.16 ग्राम हेरोइन बरामद होने का दावा किया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अफजाल अहमद पुत्र मो. मुख्तार अहमद निवासी देवकली, थाना रामपुर मांझा, गाज़ीपुर , गोरखनाथ पुत्र घनश्याम राम निवासी बड़ेपुर, थाना सैदपुर गाज़ीपुर तथा अवनीश कुमार पुत्र अशोक राम निवासी चाड़ीपुर, थाना करंडा गाज़ीपुर के रूप में हुई। पुलिस ने मौके से एक नंबर प्लेट लगी और एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल तथा चार मोबाइल फोन भी बरामद किए।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर रामपुर मांझा थाने में एनडीपीएस एक्ट का अभियोग दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई चल रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कौशलेन्द्र प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी पैकवली उपनिरीक्षक रोहित कुमार द्विवेदी, स्वाट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक शिवमणि त्रिपाठी तथा दोनों टीमों के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Views: 27









