जिलाधिकारी ने किया ग्राम सचिवालय का लोकार्पण
गाजीपुर। विकास कार्यों को गति प्रदान करने एवं ग्रामीण क्षेत्र में बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकास खंड मुहम्मदाबाद अंतर्गत ग्राम पंचायत शेरपुर में नवनिर्मित ग्राम पंचायत सचिवालय का उद्घाटन जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला द्वारा फीता काटकर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर किया गया।
अपने सम्बोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि ग्राम सचिवालय, ग्रामीण जनता को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत सचिवालय ग्रामीण प्रशासन को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह भवन ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं प्रशासनिक सेवाओं का लाभ सुगमता एवं पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होगा। पंचायत सचिवालय ग्रामीण विकास की धुरी हैं तथा इनके माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न प्रमाण पत्र, पेंशन, मनरेगा, आवास एवं अन्य योजनाओं से संबंधित सेवाएं एक ही स्थान पर प्राप्त हो सकेंगी।
उन्होंने उपस्थित अन्य ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से भी आह्वान किया कि वे अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों में इसी प्रकार गुणवत्तापूर्ण पंचायत सचिवालयों एवं अन्य सार्वजनिक सुविधाओं के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। उद्घाटन के अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी का स्वागत करते हुए सहयोग का आश्वासन दिया तथा ग्राम पंचायत के विकास हेतु निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर संबंधित विभागीय अधिकारी, ग्राम प्रधान, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
Views: 0









