राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में ग्यारह पदक गाज़ीपुर के नाम 

गाजीपुर। गंगा की गोद में बसे जिले की ऐतिहासिक धरती के नौनिहालों ने खेल प्रतिस्पर्धाओं में भी बेहतरीन प्रदर्शन कर प्रदेश में जिले का नाम रोशन किया है। पदक विजेता खिलाड़ियों के गृह जनपद आगमन पर उनका भव्य स्वागत किया गया।


            उल्लेखनीय है कि एक से तीन मई तक कानपुर में आयोजित राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी गैबीपुर के मार्शल आर्ट्स के प्रतिभागियों ने अपने असाधारण कौशल से ग्यारह पदक अपने नाम कर पूरे प्रदेश में गाज़ीपुर को गौरवान्वित कर दिया।

       राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के कड़े मुकाबले में जनपद के खिलाड़ियों ने प्रतिद्वंदियों को परास्त कर पांच स्वर्ण पदक, दो रजत पदक तथा चार कांस्य पदक अपने नाम कर लिया। स्वर्ण पदक प्राप्त करने वालों में हर्ष प्रताप सिंह, देवांश प्रताप सिंह, यश प्रजापति, प्रिंस कुशवाहा और नब्या यादव तथा रजत पदक  लाने वालों में आकाश और आयुषी सिंह यादव रहे। वहीं आशुतोष राजभर, आर्यन राजभर, आकाश कुमार और तेजस्विनी प्रजापति ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। 

      अपने गृह जनपद लौटने पर आयोजित सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता व पूर्व प्रदेश मंत्री रामतेज पांडेय ने खिलाड़ियों को माला पहनाकर और पदक प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि “गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी के खिलाड़ियों की यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए गौरव का विषय है। कहा कि यहाँ के खिलाड़ी न केवल राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का मान बढ़ा रहे हैं।” हमें अपने खिलाड़ियों पर गर्व है। बताया गया कि अब तक एकेडमी के कई खिलाड़ियों का चयन भारतीय थल सेना, यूपी पुलिस, आर्मी बॉयज स्पोर्ट्स कंपनी और भारतीय खेल प्राधिकरण के छात्रावासों में हो चुका है, जो एकेडमी की उच्च स्तरीय प्रशिक्षण का प्रमाण है।

       एकेडमी के प्रबंध निदेशक अमित कुमार सिंह ने इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों की मेहनत और कोच विशाल कुमार के सटीक मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने बताया कि स्वर्ण पदक जीतने वाले सभी पांचों खिलाड़ियों का चयन उत्तर प्रदेश की टीम में हो गया है, जो अब नेशनल चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। समारोह में उपस्थित डॉ. सचिन सिंह, जयशंकर यादव, जितेंद्र यादव, नीरज यादव, बिपूज कुशवाहा, डॉ. सुधा सिंह, सरिता यादव, ममता यादव, संजय कुमार, शिवपूजन राम, ओंकार बिंद सहित क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Views: 11


Leave a Reply