गौ तस्कर पुलिस मुठभेड़ में घायलावस्था में गिरफ्तार 

गाजीपुर। स्वाट टीम एवं सुहवल थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने शातिर गौ तस्कर को पुलिस मुठभेड़ में घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया । पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा .315, एक खोखा कारतूस व एक मोटरसाइकिल बरामद कर लिया।


     अपराधियों के विरूध्द चलाये जा रहे अभियान के तहत बुधवार को  स्वाट प्रभारी रात्रि गश्त के दौरान रजागंज में मौजूद थे। उसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि गोवंश लदा एक पिकअप व मोटरसाइकिल सवार रजागंज की तरफ से गहमर की तरफ जाने वाले हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम सतर्क हो गई। कुछ समय बाद सामने से वाहन आते हुए दिखाई दिए जब उन्हें रोकने का प्रयास किया गया तो मोटर साइकिल सवारों ने स्वाट टीम पर तमंचे से फायर किया और बारा  की  तरफ भाग निकले। स्वाट प्रभारी द्वारा जरिये दूरभाष कंट्रोल रूम  को सूचना देते हुए संदिग्ध गाड़ियों का पीछा किया गया। कालूपुर मोड थाना सुहवल के पास स्वाट टीम व थाना सुहवल पुलिस टीम द्वारा खुद को घिरा देख मोटरसाइकिल सवारों द्वारा  पुलिस टीम पर पुनः फायर किया जाने लगा, तो पुलिस टीम द्वारा संतुलित फायरिंग की गयी। इससे  एक बदमाश बाएं पैर में गोली लगने से  घायल हो गया। मोटरसाइकिल सवार अन्य बदमाश व पिकअप वाहन अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहे। घायल  गिरफ़्तार अभियुक्त सैफ पुत्र अख्तर ग्राम नोनहरा थाना नोनहरा जनपद गाज़ीपुर का निवासी है। उसे इलाज हेतु सीएचसी रेवतीपुर गाजीपुर भेजा गया। गिरफ्तार अभियुक्त पर पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। मुठभेड़ टीम में प्रभारी स्वाट रोहित कुमार मिश्रा मय टीम व प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र पाण्डेय थाना सुहवल मय टीम जनपद गाजीपुर शामिल रहे।

Views: 39


Leave a Reply