झूम के फहरा राष्ट्रीय ध्वज
संविधान में आस्था व्यक्त कर लिया गया विकसित भारत बनाने का संकल्प
गाजीपुर। गणतंत्र दिवस समारोह जिले के सभी सरकारी, अर्धसरकारी, सहकारी संस्थाओं सहित राजनीतिक दलों के कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों तथा जागरूक जनता द्वारा हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। आयोजित कार्यक्रमों में लोगों ने संविधान के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए विकसित भारत के संकल्प को दोहराया।
रविवार को 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड पर मुख्य अतिथि ओमप्रकाश राजभर (कैबिनेट मंत्री) उ.प्र. व विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी आर्यका अखौरी द्वारा भव्य पुलिस परेड की सलामी ली गई। मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण के उपरांत परेड का निरीक्षण किया गया। परेड कमांडर प्रथम के रुप में क्षेत्राधिकारी सैदपुर अनिल कुमार द्वारा भव्य परेड का नेतृत्व किया गया। परेड में नागरिक पुलिस, महिला पुलिस, यातायात पुलिस व शस्त्र तथा झांकियों में मोटरसाइकिल दस्ता, डायल 112, फोरेन्सिक टीम, स्वाट टीम, वायरलेस विभाग, अग्निशमन दल, दंगा नियंत्रण बल, व पुलिस क्रेन शामिल रही।
मुख्य अतिथि व पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने के लिये 68 पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गणेशाडांस अकादमी को प्रथम , जवाहर नवोदय विद्यालय को द्वितीय व एवर ग्रीन पब्लिक स्कूल को तृतीय स्थान प्राप्त करनें पर पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में स्वामी सहजानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गणतंत्र दिवस समारोह में प्राचार्य प्रो. वी के राय ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। “स्वर्णिम भारत: विरासत और विकास”थीम पर आयोजित विचारगोष्ठी में वक्ताओं ने भारत की गौरवशाली परंपरा और आधुनिक प्रगति पर विचार प्रस्तुत किए। डॉ. प्रमोद कुमार अनंग ने भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को रेखांकित करते हुए विविधता में एकता पर प्रकाश डाला। डॉ. राकेश पांडेय ने आधुनिक भारत के विज्ञान, तकनीक और शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की चर्चा की, जो हमें वैश्विक स्तर पर सम्मान दिला रही है। डॉ. निवेदिता सिंह ने महिलाओं की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि भारत का विकास तभी संभव है जब महिलाएं शिक्षा और सशक्तीकरण के हर क्षेत्र में समान रूप से भागीदारी करें। डॉ. नर नारायण राय ने संविधान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारे संविधान में जैसी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता है वह अन्यत्र कम ही देखने को मिलती है।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. वी. के. राय ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों को निभाने और देश को स्वर्णिम भविष्य की ओर ले जाने का संकल्प लेने का दिन है। संविधान में निर्दिष्ट अधिकारों की जानकारी और कर्तव्यों के पालन से ही हमारा लोकतंत्र मजबूत होगा। कार्यक्रम में एन सी सी व एन एस एस के छात्र-छात्राओं ने भी भागीदारी निभाई।
समारोह में प्रो. अजय राय, डॉ. रामधारी राम, डॉ. नितिन राय, डॉ. डी पी राय, डॉ. वीके ओझा, डॉ. ए के पांडेय, डॉ. कंचन सिंह, तूलिका श्रीवास्तव, सौम्या वर्मा आदि शिक्षकगण उपस्थित रहे। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. विलोक सिंह और संचालन डॉ. कृष्णानन्द चतुर्वेदी ने किया।
इसी प्रकार मुहम्मदाबाद क्षेत्र के सुल्तानपुर में मां गंगा तट पर स्थित पूर्व ब्लाक प्रमुख मित्रसेन प्रधान अंत्येष्टि स्थल पर सभूति राज डोम ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर खुद को राष्ट्रीय पर्व से जोड़ते हुए संविधान तथा देश के प्रति अपने समर्पण को व्यक्त किया। झंडोत्तोलन के बाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व प्रधान अविनाश प्रधान ने कहा कि संविधान ने हमें बहुत कुछ दिया है। इसे अक्षुण रखना हमारा कर्तव्य है। संविधान ने अस्पृश्यता का अंत कर सबको बराबरी का दर्जा दिया। देश अपनी मजबूती के लिए अपने नागरिकों से कुछ कर्तव्यों की मांग करता है। संविधान सुरक्षित, देश सुरक्षित तभी हम भी सुरक्षित रहेंगे और प्रगति करेंगे। हम मां गंगा के तट पर रहते हैं तो मां गंगा की सेवा, स्वच्छता भी राष्ट्रीय कर्तव्य ही है। यहां के रहने वालों ने अपने कर्तव्य का निर्वहन किया है। पहले यहां अधिकांश शव मां गंगा में प्रवाहित कर दिए जाते थे पर अब शवों को जलाकर अंत्येष्टि होती है। अपने निर्माण काल से अब तक पूर्व ब्लाक प्रमुख मित्रसेन प्रधान अंत्येष्टि स्थल ने लगभग दस हजार से अधिक शवों को गंगा में प्रवाहित होने से रोककर गंगा की पवित्रता को बनाए रखने की यथासंभव कोशिश की है और भविष्य में भी सेवा का संकल्प बनाए रखना है। कार्यक्रम में ओम प्रकाश, सुभाष, पौवा, सुरेश, धीरज यादव, मुन्ना यादव पहलवान, अरविंद यादव, संतोष प्रधान, रणजीत यादव, अरविंद प्रधान आदि मौजूद रहे। संचालन सुनील प्रधान लालू ने किया। अंत में ग्राम प्रधान सुनीता गिरि द्वारा प्राप्त मिष्ठान का वितरण कर कार्यक्रम का समापन किया गया।

Views: 248