रेल हादसा ! पटरी से उतरी सीमांचल एक्सप्रेस, सात यात्री काल के गाल में समाये, दर्जनों जख्मी

हाजीपुर (बिहार),03 फरवरी 2019। तीन वैशाली जिले के सहदेई बुजुर्ग रेलवे स्टेशन के पास आज अलसुबह लगभग चार बजे 12487 जोगबनी-आनंद विहार टर्मिनल सीमांचल एक्सप्रेस ट्रेन के 11 डिब्बों के पटरी से उतरने से जहां सात यात्रियों की मौत हो गयी, वहीं 50 अन्य यात्री घायल हो गए।पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि सोनपुर रेल मंडल अंतर्गत बरौनी- बछवारा-हाजीपुर सिंगल रेल लाइन से मेहनार रोड स्टेशन से आज तड़के प्रात: तीन बजकर बावन मिनट पर गुजरने के बाद जोगबनी-आनंद विहार टर्मिनल सीमांचल एक्सप्रेस ट्रेन के 11 डिब्बे सहदेई बुजुर्ग रेलवे स्टेशन के तीन बजकर अट्ठावन मिनट पर पटरी से उतर गए। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना का कारण रेल पटरी में दरार लग रही है। इसके कारणों की जांच सीआरएस (पूर्वी क्षेत्र) लतीफ खान करेंगे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हादसे में मरने वाले के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दुख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवार को धर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की तथा दुर्घटना में घायल हुये लोगों के शीघ्र स्वस्थ्य होने की ईश्वर से प्रार्थना की है।जिले के डीएम व एसपी मौके पर मौजूद होकर बचाव कार्यों की अगुवाई करते रहे।
राजेश कुमार ने बताया कि रेलवे प्रशासन, राज्य प्रशासन व एसडीआरएफ और एनडीआरएफ भी राहत और बचाव कार्यों में रेलवे की सहायता कर रहे हैं।
सभी घायल यात्रियों को इलाज के लिए पास के अस्पताल, जिला अस्पताल और रेलवे अस्पताल ले जाया गया है। दुर्घटना स्थल पर एंबुलेंस व डॉक्टर मौजूद हैं।इस हादसे को लेकर तीन हेल्पलाइन नंबर : सोनपुर 06158221645, हाजीपुर 06224272230, बरौनी 06279232222 और पटना में 06122202290, 06122202291, 06122202292 एवं 06122213234: जारी किए गए हैं।
रेल मंत्री पीयूष गोयल ने रेल दुर्घटना में मृत यात्रियों के परिजन को पांच लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को एक-एक लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृतकों के परिवार को 4 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की आर्थिक मदद की घोषणा की है।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बिहार में हुए ट्रेन हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ताओं से पीड़ित परिवारों को हर प्रकार की सहायता मुहैया कराने की अपील की।


Views: 4

Advertisements

Leave a Reply