जन आकांक्षा रैली! पोस्टर में राहुल गांधी बने अवतारी पुरुष तो मोदी दर्शाये गये असुर
पटना(बिहार),02 फरवरी 2019। ऐतिहासिक गांधी मैदान में कल आयोजित कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की जन आकांक्षा रैली को लेकर कांग्रेसियों का उत्साह हिलोरे लेने लगा है। इस रैली को सफल बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा जोशीले अंदाज में बम्पर पोस्टर लगाये गए हैं। एक पोस्टर में दर्ज है- उम्मीद पर चला हथौड़ा युवा तल रहा पकौड़ा। एक अन्य पोस्टर में राहुल गांधी को ईमानदारी का मसीहा बताया गया है तो दूसरे पोस्टर में राहुल गांधी को महादेव तो पीएम मोदी को महिषासुर के तौर पर दर्शाया गया है। एक अन्य पोस्टर में राहुल गांधी को राम और प्रधानमंत्री मोदी को रावण बताया दर्शाया गया है। इस पोस्टर में मोदी के दोनों तरफ बनाये गये 9 सिरों पर जीएसटी, नोटबंदी, बेरोजगारी पकौड़ा रोजगार, किसान असुरक्षा, महिला असुरक्षा, महंगाई बैंक लूट, संवैधानिक संरचना विनाशक नीति, जातीय एवं धार्मिक उन्माद और जुमलेबाजी जैसे शब्द लिखे हैं।
बताते चलें कि कल 3 फरवरी को पटना के गांधी मैदान में होने वाली इस रैली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ ही बिहार के महागठबंधन के सभी प्रमुख नेता अपनी उपस्थिति दर्ज करायेंगे जिसमे आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) प्रमुख जीतनराम मांझी और राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के उपेंद्र कुशवाहा प्रमुख हैं। कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह के अनुसार इस ऐतिहासिक रैली में कई राज्यों के नेताओं व लोगों के शामिल होने की सम्भावना है।
Views: 7








