हाँकी विश्व कप 2018 ! क्वार्टर फाइनल में नेदरलैंड्स से हारी भारतीय टीम

भुवनेश्वर , 14 दिसम्बर 2018। दर्शकों से खचाखच भरे कलिंग स्टेडियम में क्षमता से ज्यादा लोग हांकी टीम के प्रदर्शन को देखने के लिए मौजूद रहे परन्तु भारतीय खिलाड़ियों ने उन्हें निराश कर दिया। सबकी उम्मीद थी कि अपने प्रदर्शन के बल पर भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंचेगी। अपनी गलतियों से भारतीय टीम ने मौके गंवाए और इनके साथ ही इतिहास रचने का मौका भी गंवा दिया। नेदरलैंड ने 2-1 से मुकाबला जीतते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली। इसके साथ भारत का 43 साल बाद वर्ल्ड कप जीतने या फाइनल या सेमीफाइनल में पहुंचने का सपना टूट गया। शुरुआत में मनदीप सिंह ने गोल करने का मौका गंवाया। इसके बाद भी भारतीय फॉरवर्ड लाइन को मौके मिलें, जहां आराम से पेनल्टी कॉर्नर पाया जा सकता था। लेकिन हीरो बनने की ‘चाह’ ने भारत को सेमीफाइनल से दूर कर दिया।
भारत के लिए 12वें मिनट में भारत ने पेनल्टी क़ॉर्नर को गोल में बदला। हरमनप्रीत का ड्रैग फ्लिक रोका गया। रिबाउंड पर गेंद आकाशदीप को मिली, जिन्होंने गोलकीपर को छकाने में कामयाबी पाई। जब ऐसी उम्मीद बंध रही थी कि पहला क्वार्टर भारत बढ़त के साथ खत्म करेगा, उसी समय नेदरलैंड बराबरी करने में कामयाब रहा। थियरी ब्रिंकमन ने भारतीय डिफेंडर की गलती से सॉफ्ट गोल किया। उस समय पहले क्वार्टर में महज चार सेकेंड बाकी थे। हाफ टाइम तक स्कोर 1-1 से बराबर था। उम्मीद थी कि भारतीय टीम आगे बेहतर प्रदर्शन करेगी, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। 50वें मिनट में नेदरलैंड का निर्णायक गोल हुआ। मिंक वान डेर वीर्डन के ड्रैग का श्रीजेश के पास जवाब नहीं था। भारतीय टीम का प्रदर्शन पिछड़ने के बाद और खराब हुआ। 53वें मिनट में अमित रोहिदास येलो कार्ड ले बैठे। आखिरी सात मिनट टीम दस खिलाड़ियों के साथ खेली। इस दौरान हालांकि नेदरलैंड को मिले एक पेनल्टी कॉर्नर को भारत गोलकीपर के बगैर भी रोकने में कामयाब रही पर इससे टीम इंडिया को कोई फायदा नहीं मिला, क्योंकि स्कोरलाइन 2-1 ही रही। अब सेमीफाइनल में नेदरलैंड का मुकाबला आस्ट्रेलिया से होगा।


Views: 5

Advertisements

Leave a Reply