बुलंदशहर हिंसा अपडेट ! घटना में शामिल फौजी जीतू कारगिल से गिरफ्तार

बुलंदशहर(उत्तर प्रदेश),08दिसम्बर 2018।जिले के स्याना क्षेत्र के चिंगरावठी के बवाल में शहीद इंस्पेक्टर की पिस्टल उठाने के कथित आरोपी महाव गांव निवासी फौजी जितेन्द्र मलिक उर्फ जीतू को कल कश्मीर से एसटीएफ और पुलिस की टीम ने अपनी गिरफ्त में ले लिया है। टीम उसे लेकर वापस लौट रही है। पता चला कि वह कारगिल में तैनात है और उस घटना के अगले ही दिन जाकर उसने ड्यूटी ज्वाइन की थी। उस घटना से सम्बन्धित 2.48 मिनट का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक युवक को इंस्पेक्टर के शव के पास से कुछ उठाते हुए दिखाया गया है। उस युवक की शिनाख्त महाव गांव के जीतू फौजी के रूप में होने के कथित आधार पर पता चला कि घटना के उपरांत वह शाम को चला गया और अगले ही दिन उसने अपनी ड्यूटी कारगिल में ज्वाइन कर ली थी।
वरिष्ठ अधिकारिक सूत्रों के अनुसार शुक्रवार को कश्मीर में सेना ने जीतू फौजी को एसटीएफ और पुलिस की टीम के सुपुर्द कर दिया है।
एसआईटी के प्रभारी आईजी रामकुमार ने बताया कि जीतू फौजी मुकमदे में नामजद अहम अभियुक्त है। वह घटना के बाद वापस ड्यूटी पर चला गया था। सम्भावना है कि शहीद इंस्पेक्टर से लूटी 0.32 बोर की निजी पिस्टल संभवतः जीतू फौजी के ही पास है।वह बीस दिन पहले ही छुट्टी पर आया था, उसकी छुट्टी मंगलवार को समाप्त हो गई । सोमवार को हुई हिंसा के बाद शाम को ही वह अपनी ड्यूटी के लिए निकल गया था।
मेरठ जोन के एडीजी प्रशांत कुमार ने कहा कि बुलंदशहर बवाल के संबंध में जीतू फौजी एक नामजद अभियुक्त है।घटना के दौरान उसकी भूमिका क्या थी और उसने कितना अपराध किया, इसका परीक्षण किया जा रहा है, और जो मांस मिला था वह किस जानवर का है और कितने दिन पुराना था, इसकी भी रिपोर्ट आनी बाकी है।उन्होंने कहा कि घटना में जिम्मेदार कोई भी व्यक्ति बच नहीं सकेगा।
पुलिस ने मामले में नामजद आरोपियों में से पांच और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें चंद्र पुत्र लाल सिंह निवासी महाव, रोहित पुत्र रामअवतार निवासी बरौली, सोनू पुत्र सुखपाल निवासी नयाबांस, कुलदीप पुत्र अतेश त्यागी निवासी थल इनायतपुर और जितेन्द्र उर्फ लाला गुर्जर पुत्र जलील सिंह निवासी चिंगरावठी हैं। घटना के मुकदमें में अभी तक नौ गिरफ्तारी हो चुकी हैं, जबकि वीडियो के आधार पर 22 और आरोपियों की शिनाख्त हो जाने के बाद अभी तक 49 आरोपियों की पहचान की जा चुकी है। शेष बचे 40 अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।


Views: 4

Advertisements

Leave a Reply