अयोध्या ! राम मंदिर देशवासियों की भावना का प्रतीक -योगी आदित्यनाथ
नयी दिल्ली,07 दिसंबर 2018। दैनिक जागरण फोरम सम्मेलन को संबोधित करते हुए उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज कहा कि ” देश संविधान के तहत चलता है और सभी का दायित्व बनता है कि वे संवैधानिक व्यवस्था का सम्मान करें। अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण करोड़ों देशवासियों की भावना का प्रतीक है । जो देश की भावना है, वही उनकी भी भावना है।” उन्होंने कहा कि यह मामला अदालत में है, ऐसे में वह उच्चतम न्यायालय से अपील करते हैं कि जल्द इस मामले में फैसला देकर इसका पटाक्षेप करें ।
उन्होंने कहा कि अगर सोमनाथ मंदिर के विषय का समाधान हो सकता है, तब किसी भी दूसरे मामले का हो सकता है । अगर बात सिर्फ एक राज्य की होती, तब 24 घंटे में हल निकल सकता था।बुलंदशहर की घटना पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बुलंदशहर की घटना एक दुर्घटना है और इस मामले में कोई भी अपराधी बच नहीं पायेगा। उन्होंने कहा कि अवैध गौकशी राज्य में प्रतिबंधित है और इस बारे में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की जवाबदेही तय कर दी गई है । उन्होंने कहा कि राज्य में हर जिले में गाय, आवरा कुत्तों आदि के संरक्षण के लिये केंद्र खोलने की योजना को आगे बढ़ाया जा रहा है । राज्य के 75 जनपदों में गौशाला की व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया जा रहा है।
उत्तरप्रदेश में विपक्ष के महागठबंधन को अस्तित्व की लड़ाई बताते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विकास की राजनीति के कारण जातपात और वोटबैंक की राजनीति हाशिये पर चली गई है।
उन्होंने जोर दिया कि विकास के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में साल 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में दोबारा लौटेगी। उन्होंने जोर दिया कि उत्तरप्रदेश में पिछले डेढ़ साल में विकास एवं सुरक्षा का माहौल कायम हुआ है, निवेश तेजी से बढ़ रहा है।
Views: 11








