फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले हमलावर गिरफ्तार
गाजीपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के अष्टभुजी कालोनी में प्रवीण उपाध्याय पर फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले दुर्दांत अपराधी अमित राय सहित एक अन्य अभियुक्त को कोतवाली सदर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक पिस्टल .32 बोर मय चार जिंदा कारतूस भी बरामद कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त अमित राय थाना करीमुद्दीनपुर का शातिर हिस्ट्रीशीटर है जिसके विरूद्ध विभिन्न जनपदों में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, छिनैती व गैंगेस्टर समेत 26 मुकदमें दर्ज हैं।
उल्लेखनीय है कि 02 जुलाई को सदर कोतवाली क्षेत्रांतर्गत मोटरसाईकिल सवार दो अभियुक्तों द्वारा वादी प्रवीण कुमार उपाध्याय निवासी ग्राम रेणमार थाना भांवरकोल जनपद गाजीपुर हाल पता अष्टभुजी कालोनी थाना कोतवाली गाजीपुर के मकान पर गाली गलौज कर जान से मारने की नीयत से वादी पर फायर किया था। इस सम्बन्ध में कोतवाली पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस हमलावरों की खोज में जूट गयी थी।
बताया गया कि आरोपी अमित राय ने वर्ष 2016 में वादी प्रवीण उपाध्याय के पिता की गोली मार कर हत्या कर दी थी, जिस संबंध में थाना भांवरकोल पर मुकदमा अपराध सं. 101/2016 धारा 120 बी/302/307/ 41/411/414 भादवि व 3/25 आर्म्स एक्ट पंजीकृत है। इस विचाराधीन मामले से दूर रहने और पैरवी न करने के लिए ही हमलावरों ने प्रवीण उपाध्याय पर हमला किया था।
हमलावरों की खोज में जूटी कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार तीन जुलाई को मुकदमा उपरोक्त से सम्बंधित अभियुक्तों अमित राय पुत्र राम प्रवेश राय व आयुष राय पुत्र शैलेंद्र राय निवासीगण जोगा मुसाहिब, थाना करीमुद्दीनपुर, जनपद गाजीपुर को चेकिंग के दौरान सुखदेवपुर तिराहे से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरूद्ध नियमानुसार विधिक कार्यवाही की गयी।
Views: 18









