फाइनेंस कंपनी में मृत मिला कार्यरत कर्मचारी 

गाजीपुर। एक निजी फाइनेंस कंपनी के दफ्तर में गुरुवार को एक कार्यरत कर्मचारियों का संदिग्ध परिस्थितियों में शव पाए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। यह घटना बहरियाबाद थाना क्षेत्र के रायपुर बाजार स्थित ‘विनयना इन्वेस्टमेंट एंड फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड’ में घटी। मृतक कर्मचारी की पहचान बहरियाबाद थाना क्षेत्र के राजापुर निवासी इंद्रजीत यादव (30 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय फौजदार यादव के रूप में की गयी। घटना को लेकर बाजार में तरह तरह की चर्चाएं जारी हैं।


        उल्लेखनीय है कि फातिमपुर गांव निवासी जयप्रकाश यादव के रायपुर बाजार में स्थित मकान में फाइनेंस कम्पनी संचालित हो रही है। इसी कम्पनी में मृतक इंद्रजीत यादव कार्य करते थे।

       बताया गया कि बुधवार की शाम इंद्रजीत यादव अपने प्रबंधक धर्मेंद्र यादव के साथ क्षेत्र के राजापुर गांव में एक मांगलिक कार्यक्रम में गए थे। रात करीब नौ बजे दोनों लोग वापस लौटे और कार्यालय की ऊपरी मंजिल पर सोने चले गए। गुरुवार की सुबह करीब आठ बजे कंपनी के प्रबंधक धर्मेंद्र यादव (निवासी बड़िहारी, सैदपुर, गाज़ीपुर) जब मकान के ऊपरी मंजिल से निचले तल पर कार्यालय में आए, तो इंद्रजीत यादव को वहां मृत अवस्था में देखकर सन्न रह गये। उनके शोर मचाने पर वहां आस-पास के लोगों की भीड़ जुट गयी।

           घटना की सूचना पर बहरियाबाद थानाध्यक्ष वासुदेव प्रसाद पुलिस व फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने वहां मौका मुआयना कर साक्ष्य एकत्र किए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई। 

पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है लेकिन मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मिल सकेगा।

Views: 46


Leave a Reply