सावरकर जयंती पर वृद्धाश्रम में सम्पन्न हुआ कार्यक्रम
गाजीपुर। वीर सावरकर जयंती के अवसर पर वृद्धाश्रम लंगरपुर में कार्यक्रम आयोजित कर वीर सावरकर के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को नमन किया गया। समारोह का शुभारम्भ अध्यक्ष नंद किशोर व अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं वीर सावरकर के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ।
आगन्तुकों का स्वागत संस्था के लेखाकार मनोज कुमार ने तथा विषय प्रवर्तन संस्था की वार्डेन ज्योत्सना ने किया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने वीर सावरकर के जीवन संघर्ष, साहित्यिक योगदान तथा स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि आर सेटी के पूर्व निदेशक विनोद शर्मा ने कहा कि वीर सावरकर केवल एक स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि महान राष्ट्रवादी चिंतक, समाज सुधारक और अद्भुत क्रांतिकारी थे। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए असाधारण त्याग एवं संघर्ष किया। श्री शर्मा ने कहा कि सावरकर का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है तथा उनके विचार राष्ट्रभक्ति, आत्मसम्मान और सामाजिक समरसता का संदेश देते हैं। उन्होंने वृद्धाश्रम में निवास कर रहे बुजुर्गों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि समाज का दायित्व है कि वह अपने वरिष्ठ नागरिकों की सेवा और सम्मान सुनिश्चित करें। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने परिवार एवं समाज के बुजुर्गों के अनुभवों से सीख लें और उनके प्रति संवेदनशील बनें।
इस अवसर पर वृद्धाश्रम के बुजुर्गों को फल एवं उपयोगी सामग्री वितरित की गई । इस अवसर पर रंजीत प्रजापति पूर्व युवावमंडल अध्यक्ष,जनार्दन जिलाध्यक्ष मजदूर संघ, अभिमन्यु, प्यारेलाल समाज सेवी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिको के साथ साथ विगत एक सप्ताह से वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के साथ अनुभवात्मक कार्यक्रम में भाग ले रहे स्वयंसेवक एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी के प्रति आभार ज्ञापन राजीव कुमार पूर्व एन वाई वी ने किया।
Views: 11









