राहगीर त्रस्त, लूटेरे मस्त, पुलिस सुस्त 

एक पखवाड़े के भीतर दो लूट से क्षेत्र में दहशत 


गाजीपुर। सादात थाना क्षेत्र के मखदुमपुर – खीदिरगंज सड़क मार्ग इन दिनों अपराधियों के लिए सेफ जोन साबित हो रहा है। हौसला बुलंद बेखौफ लूटेरों ने करीब बारह दिन के भीतर ही लूट की दूसरी घटना को अंजाम दे दिया। इलाकाई पुलिस अभी पहली लूट का पर्दाफाश भी नहीं कर पायी कि लूटेरों ने दूसरी लूट को अंजाम दे देकर पुलिस को चुनौती दे दी। 

       ताज़ा समाचार के अनुसार, गुरुवार 28 मई को पल्सर सवार नकाबपोश दो लूटेरों ने दिनदहाड़े असलहे के बल पर बाईक सवार युवक की सोने की चेन और बाइक की चाभी लूटी और मौके से फरार हो गये।

      जानकारी के अनुसार,सादात थाना क्षेत्र के पट्टी गरीब उर्फ मई निवासी आशिक अंसारी पुत्र अलरजा और बरकत अली पुत्र नसरुल्लाह मखदुमपुर से दोपहर में बाइक से अपने गांव वापस लौट रहे थे। जब करीब 12:05 बजे वे कुवाटी तिराहे के पास पहुंचे तो एक काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो नकाबपोश हमलावरों ने उन्हें ओवरटेक करके रोक दिया। लूटेरों ने आशिक अंसारी को पिस्टल के निशाने पर रख डरा-धमकाकर उनके गले की 5 ग्राम की सोने की चेन और बाइक की चाभी छीन ली और फिर आजमगढ़ की ओर भाग निकले।

    पीड़ित आशिक अंसारी ने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। लूट की सूचना पर क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण तिवारी, सादात थानाध्यक्ष पन्नेलाल यादव और मखदुमपुर चौकी प्रभारी संत राम यादव सदल बल मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने पीड़ितों से पूछताछ की और लूटेरों की पहचान हेतु आसपास के  सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद ले रही है।

          बताते चलें कि गत 16 मई को भी इस घटनास्थल से महज 200 मीटर पहले कुवाटी पुलिया के पास लूटेरों ने तियरा निवासी आदित्य सिंह की सोने की चेन और मोबाइल लूट लिया था। 

    आये दिन हो रही लूट की घटनाओं से क्षेत्रीय लोगों में भय व्याप्त है कि न जाने कब किसके साथ लूट हो जाये। चौकी प्रभारी संत राम यादव ने बताया कि पुलिस अपराधियों को गिरफ्तार करने में  लगी हुई है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लूट की घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।

Views: 43


Leave a Reply