समाधान दिवस में 404 शिकायतों में से मौके पर 43 का निस्तारण 

गाजीपुर। जन समस्याओ के त्वरित निस्तारण हेतु सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील मुहम्मदाबाद में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। वहां प्राप्त 88 शिकायती प्रार्थना पत्रों में से मौके पर 15 का निस्तारण किया गया। 


         प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले की कुल सात तहसीलों की सूचना के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 404 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिसमें मौके पर 43 शिकायती प्रार्थना पत्रों का निस्तारण किया गया। अन्य सभी छह तहसीलों में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में समाधान दिवस सम्पन्न हुआ, जिसमें तहसील सदर में प्राप्त 65 शिकायती प्रार्थना पत्रों में से 07 का, तहसील जखनियां में प्राप्त 82 शिकायती प्रार्थना पत्रों में से 05 का, तहसील सेवराई में प्राप्त 38 शिकायती प्रार्थना पत्रों में से 04 का, तहसील जमानियॉ में प्राप्त 56 शिकायती प्रार्थना पत्रों में से 05 का, तहसील सैदपुर में प्राप्त 33 शिकायती प्रार्थना पत्रों में से 02 का एवं तहसील कासिमाबाद में प्राप्त 42  शिकायती प्रार्थना पत्रों में से 05 का मौके पर निस्तारण किया गया। 

    जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनते सम्बन्धित शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कराया तथा शेष शिकायतों को सम्बंधित अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने का निर्देश दिया। 

     जमीनी विवाद और आपसी विवाद के मामलों पर डीएम ने कहा कि इसमें राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते गॉव के प्रधान के साथ बैठक कराते हुए छोटे मोटे विवादों का मौके पर जाकर निस्तारण करायें। उन्होंने समस्त लेखपालों को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ता की छोटी-छोटी समस्याएँ जिनका तत्काल निस्तारण किया जा सकता है, उसके लिए किसी व्यक्ति को परेशान न किया जाये। 

      जिलाधिकारी ने जनपदवासियो से अपील किया कि जमीन/रास्ता, खेत की नापी जैसे  विवादों को गॉव के ग्राम प्रधान एवं तहसीलदार से सम्पर्क कर निस्तारण करा लें। तहसील स्तर एवं गॉव के प्रधान द्वारा विवाद निस्तारण न होने पर जिलाधिकारी से सम्पर्क कर सकते हैं। इस अवसर पर परियोजना निदेशक दीन दयाल वर्मा, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद, तहसीलदार मुहम्मदाबाद, क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद एवं समस्त जनपदस्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Views: 10


Leave a Reply