मेंहदी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा
गाजीपुर। वेलफेयर क्लब के तत्वावधान में गौरीशंकर पब्लिक स्कूल तुलसी सागर में जनपद स्तरीय मेहंदी प्रतियोगिता सम्पन्न हुई। इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे 266 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने अपनी हथेलियों पर आकर्षक और कलात्मक मेहंदी डिजाइन बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शनकिया। क्लब के संयुक्त सचिव सत्य प्रकाश तिवारी ने अतिथियों, निर्णायक मंडल के सदस्यों और प्रतिभागियों का स्वागत किया।
दो वर्गों में सम्पन्न प्रतियोगिता के कनिष्ठ और वरिष्ठ वर्ग के प्रतिभागियों ने पारंपरिक मेहंदी डिजाइनों के साथ ही अपनी कल्पनाशीलता का प्रयोग करते हुए विभिन्न प्रकार की आकृतियां और डिजाइन निर्मित किए। निर्धारित समय में बेहतर और सुंदर मेहंदी डिजाइन तैयार करने के साथ ही साफ-सफाई, कलात्मकता और डिजाइन की आकर्षकता को मूल्यांकन का आधार बनाया गया।
प्रतियोगिता के तीन सदस्यीय निर्णायक मंडल में नूर आफसा परवीन, शिवांगिनी कश्यप और पूनम वर्मा शामिल रहीं। क्लब सचिव रामनाथ कुशवाहा द्वारा घोषित परिणामों के अनुसार, कनिष्ठ वर्ग में मार्टर मेमोरियल स्कूल, जंगीपुर के अभयदीप कुमार ने प्रथम, इसी विद्यालय की आराध्या गुप्ता तथा एमजेआरपी पब्लिक स्कूल की आराध्या वर्मा संयुक्त रूप से द्वितीय तथा लुडर्स कॉन्वेंट स्कूल की आस्था जायसवाल और गौरीशंकर पब्लिक स्कूल की आराध्या राज ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया। अंशिका (मार्टर मेमोरियल स्कूल, जंगीपुर), रोली शर्मा (संत कबीर पब्लिक स्कूल, तुलसीपुर) और संगीता बिन्द्रा को सांत्वना पुरस्कार के लिए चयनित किया गया।
वरिष्ठ वर्ग में सनराइज चिल्ड्रेन एकेडमी, पखनपुरा की रोजी बानो ने प्रथम, लुडर्स कॉन्वेंट स्कूल की रानी कुमारी द्वितीय व एसएमएन इंटर कॉलेज, मच्छटी की सनाया खान और लुडर्स कॉन्वेंट स्कूल की श्रेया यादव संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं। इस वर्ग में एमजेआरपी पब्लिक स्कूल की रितु, सनराइज चिल्ड्रेन एकेडमी की फलक नाज तथा अंतिमा कुमारी को सांत्वना पुरस्कार के लिए चुना गया।
कार्यक्रम में वेलफेयर क्लब के उपाध्यक्ष सत्यदेव दूबे, जनपद गवर्नर पवन कुमार पाण्डेय, डॉ. जितेंद्र कुमार, गोपी सिंह कुशवाहा, प्रमोद बिन्द, अजय यादव सहित क्लब के अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
Views: 11









