गाजीपुर गौरव सम्मान’ से सम्मानित हुए पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्रा


चेतना महोत्सव-2026 का हुआ आगाज



गाजीपुर। साहित्य चेतना समाज के वार्षिक पुरस्कार वितरण एवं ‘गाजीपुर गौरव सम्मान’ समारोह में जनपद के सैदपुर तहसील के मलिकपुर निवासी पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र को ‘गाजीपुर गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
पूर्व कुलपति प्रो.राममोहन पाठक की अध्यक्षता और योगी आनन्द जी की उपस्थिति में कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन व पुष्पार्चन से हुआ।
संस्थापक अमरनाथ तिवारी ‘अमर’ ने संस्था के उद्देश्य एवं गतिविधियों पर प्रकाश डाला। वहीं उपस्थित बाल कलाकारों ने आकर्षक रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कलराज मिश्र ने अपने संबोधन में संस्था के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गाजीपुर साहित्यिक-सांस्कृतिक एवं बौद्धिक रूप से समृद्ध रहा है। यह ॠषियों,तपस्वियों की भूमि रही है। शौर्य व पराक्रम में भी यहाँ के लोग अग्रणी रहे हैं। इसी पवित्र मिट्टी ने मुझे भी गढ़ा है, संस्कारित किया है। गाजीपुर मेरे हृदय में बसता है।
योगी आनन्द जी ने अपने आशीर्वचन में संस्था के उद्देश्य एवं गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यदि स्थान-स्थान पर ऐसी संस्थाएँ सक्रिय हो जांय तो समाज का काफी भला हो सकता है। समारोह में संस्था द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में चयनित प्रतिभागियों को स्मृति-चिह्न व प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में डाॅ.राममोहन पाठक ने संस्था के कार्यों की प्रसंशा की। कहा कि एक तरफ जहाँ यह संस्था विद्यार्थियों के भीतर छिपी प्रतिभा को उजागर कर उन्हें मंच प्रदान कर रही है,वहीं ‘गाजीपुर गौरव सम्मान’ के माध्यम से गाजीपुर की विभूतियों को सम्मानित कर रही है।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष सरिता अग्रवाल,भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, डाॅ.श्रीकांत पाण्डेय, विश्व हिन्दू परिषद के पूर्व जिलाध्यक्ष बिनोद उपाध्याय, खालिद अमीर, डाॅ.व्यासमुनि राय, सुहैल खान, डाॅ.पारस नाथ सिंह, आनन्द प्रकाश अग्रवाल सहित काफी संख्या में गणमान्य जन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन उपाध्यक्ष संजीव गुप्त एवं धन्यवाद ज्ञापन अध्यक्ष डाॅ.रविनन्दन वर्मा ने किया।

Views: 46


Leave a Reply