आग लगने से दुकान में रखा लाखों का सामान हुआ खाक
गाजीपुर। शनिवार की अलसुबह सदर कोतवाली क्षेत्र के गोराबाजार की एक इलेक्ट्रानिक दुकान में अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग में दुकान का सारा सामान जलकर राख हो गया। इस आगलगी में लगभग पांच लाख रुपये का सामान जल कर राख होने का अनुमान है।
बताते चलें कि छावनी लाइन के मंगल मड़ई गांव निवासी शैलेश की गोराबाजार हनुमान मंदिर के पास में मुसाफिर रिपेयरिंग सेंटर है। जहां टीवी के साथ अन्य सभी इलेक्ट्रानिक सामानों की मरम्मत का काम होता था। शुक्रवार की रात दुकानदार दुकान बंद घर चले गये।
शनिवार की भोर जब लोग सड़क पर टहलने निकले तो लोगों ने दुकान से धुआं निकलते देखा तो दुकानदार शैलेश को सूचना दिया।
सूचना मिलते ही आनन फानन में शैलेश दुकान पर पहुंचा तो दुकान में रखे सामानों धू-धू कर जलते देखकर सन्न रह गया। आग की सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की गाड़ी और फायर कर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान की सारी लेई पूंजी जलकर राख हो चुकी थी।
Views: 25








