कैरियर मेले में छात्राओं ने निभाई भागीदारी
गाज़ीपुर। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सादात में शनिवार को कैरियर मेला का आयोजन सम्पन्न हुआ। कैरियर मेला का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को उनकी क्षमता और रुचि के अनुसार कैरियर विकल्पों के बारे में जागरूक करना और उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़ना रहा।
नोडल शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन में छात्राओं ने कैरियर संबंधी पोस्टर और चार्ट से हब कक्ष को सजाया। इस दौरान कैरियर संबंधी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और लघु नाटकों के माध्यम से छात्राओं को रंगमंच और नाटक संबंधी कैरियर की जानकारी दी। छात्राओं को ऑनलाइन और ऑफलाइन फॉर्म भरने का अभ्यास भी कराया गया।
मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुमन यादव ने कैरियर मेले का उद्घाटन कर कैरियर हब कक्ष में प्रदर्शित छात्राओं के पोस्टर, चार्ट और रंगोली का निरीक्षण कर उनकी चित्रण और कला की सराहना की।
श्रीमती यादव ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से छात्राओं में सृजनात्मक शक्ति बढ़ती है और उन्हें रोजगार से जुड़ने के अवसर मिलते हैं। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए विद्यालय की प्रधानाचार्या मंजू प्रकाश और पूरे स्टाफ को बधाई दी। इसके पूर्व, प्रधानाचार्या मंजू प्रकाश ने मुख्य अतिथि का माल्यार्पण कर स्वागत किया। मेले में कक्षा नौ से बारहवीं तक की सभी छात्राओं ने भाग लिया। शिक्षिकाओं साधना सिंह, सुनंदा, प्रतिभा मिश्रा और सोनी सरोज ने छात्राओं को सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम सम्पन्न होने पर प्रधानाचार्या ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
Views: 18









