योग, ध्यान, नियमित दिनचर्या और सकारात्मक सोच से आत्महत्या पर नियंत्रण
गाजीपुर। मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर पी.जी. कॉलेज मलिकपुरा में जागरूकता कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
प्राचार्य प्रो. दिवाकर सिंह के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा तनाव, अवसाद और आत्महत्या जैसी गंभीर समस्याओं की रोकथाम के प्रति संवेदनशील बनाना रहा।
कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. पूजा साहू, मनोविज्ञान विभाग ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मानसिक रूप से स्वस्थ व्यक्ति ही जीवन की चुनौतियों का सकारात्मक ढंग से सामना कर सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से तनाव और अवसाद की स्थिति में अपनी भावनाओं को दबाने के बजाय परिवार, शिक्षकों और विश्वसनीय मित्रों से खुलकर संवाद करने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में डॉ.अभिषेक यादव, डॉ. प्रवेश कुमार जायसवाल, डॉ. सर्वेश पाण्डेय, डॉ. दीपक यादव ने अपने वक्तव्य में कहा कि आत्महत्या किसी भी समस्या का समाधान नहीं है। समय पर परामर्श, संवाद, सहयोग और सकारात्मक सोच के माध्यम से हर कठिन परिस्थिति का सामना किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को योग, ध्यान, नियमित दिनचर्या, पर्याप्त नींद और संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित किया।
इस अवसर पर आयोजित प्रतियोगिता में टिंकल कुमारी ने प्रथम, काजल ने द्वितीय और प्रिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।
Views: 13








