बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस ने किया जागरूक

गाजीपुर। महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-6 अभियान के तहत रविवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने जागरूकता एवं चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस टीमों ने प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त कर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया।


अभियान के दौरान सभी थाना क्षेत्रों में गठित एंटी रोमियो टीमों ने भी संवेदनशील स्थानों पर भ्रमण और चेकिंग की। पुलिस के अनुसार, इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी उपायों तथा उपलब्ध सहायता के बारे में जानकारी दी गई। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही शोहदों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम और चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Views: 9


Leave a Reply