शातिर अभियुक्त पुलिस मुठभेड़ में घायलावस्था में गिरफ्तार
मौके से पांच अन्य अभियुक्त गिरफ्तार, अवैध असलहे, मोटर साईकिल, मोबाइल व लैपटॉप बरामद
गाजीपुर। थाना गहमर व थाना जमानियां पुलिस की संयुक्त टीम ने शातिर एक बदमाश को पुलिस मुठभेड़ में घायलावस्था में गिरफ्तार करते हुए उसके पांच अन्य सहयोगियों को भी धर दबोचा। वहीं एक अन्य बदमाश रात्रि के अंधेरे में भागने में सफल रहा। दौराने गिरफ्तारी पुलिस ने उनके कब्जे से दो देशी तमंचा 315 बोर व एक खोखा कारतूस व दो जिन्दा कारतूस 315बोर मय दो मोटर साईकिल, दो मोबाइल व एक लैपटॉप भी बरामद कर लिया।
बताया गया कि गुरुवार 21 अगस्त को अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत जनपद में विभिन्न स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग पुलिस द्वारा रात्रि में की जा रही थी। इसी क्रम में थाना प्रभारी गहमर व थाना प्रभारी जमानियां मय टीम भदौरा तिराहे पर खड़े होकर विगत दिनों पहले चोरी की घटनाओं के सम्बन्ध में वार्तालाप कर रहे थे। उसी दौरान मुखबिर ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय शेरपुर के पास कुछ अपराधी इकट्ठा हैं। उनके पास अवैध असलहा होने की भी सम्भावना है। इस सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुँची ही थी कि शेरपुर मोड़ के पास सामने से, पुलिस टीम से खुद को घिरा देख बदमाश द्वारा पुलिस टीम को निशाना बनाकर देशी तमंचे से एक राउंड फायर किया गया। इस पर पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ फायर किया तो एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी और पुलिस ने घायल बदमाश को तत्काल गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार घायल अभियुक्त अमन कुमार राम पुत्र मखंचू निवासी बिश्रामपुर थाना करंडा जनपद गाजीपुर का निवासी है। गिरफ्तार अन्य अभियुक्तों में विशाल कुमार पुत्र अर्जुन राम निवासी सुजानीपुर थाना शादियाबाद जनपद गाज़ीपुर, उज्जवल तिवारी पुत्र विजय शंकर तिवारी ग्राम दशवंतपुर थाना नगसर हाल्ट गाजीपुर, सुजीत यादव पुत्र सियाराम यादव ग्राम खुदरापथारा थाना गहमर गाजीपुर, गोलू उर्फ़ गौरव पुत्र राम चन्दर राम ग्राम बरहपुर थाना नंदगंज गाज़ीपुर तथा टिंकू कुमार पुत्र राजकुमार ग्राम कंचनपुर फुल्ली थाना दिलदारनगर गाजीपुर रहे।
इसके बाद पुलिस ने घायल बदमाश को प्राथमिक उपचार हेतु, पुलिस अभिरक्षा में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भेज दिया। गिरफ्तार व्यक्तियों से पूछताछ कर पुलिस द्वारा विधिक कार्यवाही अमल में लाई गई है।
Views: 97








