जाको राखे साइयां मार सके न कोय…….
पारिवारिक कलह से तंग आकर गंगा में कूदी वृद्धा को लोगों ने बचाया
गाजीपुर। पारिवारिक कलह से क्षुब्ध होकर चार पुत्रों की वृद्ध मां ने अपनी जीवन लीला समाप्त करने के लिए वाराणसी जिले के प्रसिद्ध मार्कण्डेय महादेव धाम कैथी के समीप मोक्षदायिनी गंगा में छलांग लगा दी। उफनती गंगा नदी में बहती हुई वृद्धा गाज़ीपुर जिले के औड़िहार क्षेत्र के वराह धाम मन्दिर के सामने तक आ पहुंची।
उसी दौरान रविवार की शाम वराह धाम गंगा घाट पर शव के अंतिम संस्कार के लिए पहुंचे लोगों की नजर उफनती गंगा के पानी में बह रही महिला पर पड़ी। महिला का जीवन बचाने के लिए अपने जान की बाजी लगाकर कई युवा नदी में कूद पड़े और मल्लाहों की मदद से महिला तक जा पहुंचे और फिर उसे सकुशल किनारे ले आये।
वृद्धा की पहचान सादात थाना क्षेत्र के मौधियां तड़ियांव निवासिनी बासमती देवी (75 वर्ष) पत्नी स्व. बैजनाथ के रूप में हुई। चार पुत्रों को जन्म देकर व पाल पोस कर बड़ा करने के बाद अपनी उपेक्षा व पारिवारिक कलह से क्षुब्ध होकर उन्होंने जल समाधि लेने के लिए मार्कण्डेय महादेव धाम कैथी को चुना और वहां गंगा नदी में कूद पड़ीं। वह महादेव की कृपा रही कि मां गंगा ने उन्हें सकुशल उनके जिला क्षेत्र में पहुंचा दिया और लोगों ने उन्हें जिन्दा बचा लिया। वृद्धा बासमती के पुत्र रामसकल, रामविलास, अशोक और दुलारे चार पुत्र हैं। लोगों ने वृद्धा का प्राथमिक उपचार कराया और कोतवाली सैदपुर को पुलिस को जानकारी देकर स्थिति से अवगत कराया।
Views: 147









