तिरंगा म्यूजिकल कासर्ट व तिरंगा महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम 

गाजीपुर। हर घर तिरंगा कार्यक्रम के अन्तर्गत आडिटोरियम हाल में आयोजित तिरंगा म्यूजिकल कासर्ट व तिरंगा महोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ नगरपालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया । इससे पूर्व उन्होंने आडिटोरियम परिसर में तिरंगा मेला/तिरंगा प्रर्दशनी का फीता काटकर शुभारम्भ किया।


        तिरंगा प्रर्दशनी में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत कार्यरत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा अपने उत्पादों के प्रदर्शन से संबंधित स्टॉल, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित तिरंगा झंडा का प्रदर्शन, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) से संबंधित स्टॉल सहित अन्य विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का लोगों द्वारा अवलोकन किया गया।

        तिरंगा महोत्सव कार्यक्रम आयोजन के शुभ अवसर पर  अध्यक्ष नगर पालिका व जिला विकास अधिकारी ने उपस्थित छात्र-छात्राओं व अधिकारियों/कर्मचारियों से अपील किया कि  दिनांक 13 अगस्त से 15 अगस्त 2025 तक अपने कार्यालयों, घरों, दुकानों, प्रतिष्ठानों पर पूरे सम्मान एवं आदर भाव के साथ भारतीय तिरंगा झंडा फहराएं और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुसार ‘‘आजादी का अमृत महोत्सव‘‘ के तत्वाधान में हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य नागरिकों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और तिरंगे के साथ व्यक्तिगत और भावनात्मक सम्बन्ध बनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि शासन के प्रयास से पिछले कुछ वर्षों में, यह राष्ट्रीय अस्मिता, देशभक्ति और गौरव के जन भागीदारी आंदोलन के रूप में एक सफल अभियान बन चुका है। उन्होंने कहा कि ‘‘हर घर तिरंगा’’ कार्यक्रम का उद्देश्य देशवासियों में देश प्रेम एवं देशभक्ति की भावना के विकास के साथ-साथ देश को आजादी दिलाने वाले अमर बलिदानियों, क्रान्तिकारियों एंव शहीदों को याद करना तथा श्रद्धासुमन अर्पित करना है। 

         जिला विकास अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि शासन की मंशा के अनुसार हर घर तिरंगा का यह अभियान पूरे देश में चल रहा है। हम सभी को अपने-अपने कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी भवनों, घरों एवं प्रतिष्ठानों, होटलों पर अपने देश के सम्मान में देशभक्ति की भावना के साथ तिरंगा झंडा फहराना है। उन्होंने तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर उसे बेबसाईट www. harghartiranga. com  पर अपलोड करने हेतु सभी को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि इस बात का ध्यान रखा जाए कि तिरंगा झण्डा 3×2 के अनुपात में और साफ-सुथरा हो तथा झण्डा लगाते समय केसरिया रंग सबसे ऊपर, बीच में अशोक चक्र की 24 पट्टिका के साथ सफेद रंग तथा सबसे नीचे हरा रंग होगा। तिरंगा महोत्सव आयोजन के अवसर पर विभिन्न विद्यालयों की छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति की गई। 

जिला विकास अधिकारी ने तिरंगा महोत्सव कार्यक्रम के सफल आयोजन पर नगर पालिका अध्यक्ष सहित समस्त आगंतुकों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार, जिला पर्यटन सूचना अधिकारी, अपर जिला विद्यालय निरीक्षक, विभिन्न विद्यालयों की शिक्षक/शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं सहित संबंधित अधिकारी/कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।

Views: 15

Advertisements

Leave a Reply