कब होगा सेवानिवृत्त शिक्षकों के जीपीएफ का भुगतान
कब चालू होगी पेंशन?
गाजीपुर। मार्च में सेवानिवृत्त हुए माध्यमिक शिक्षकों को अब तक जीपीएफ, पेंशन का भुगतान अब तक न होने से उनमें रोष व्याप्त है।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर शिक्षकों की समस्या का समाधान करने का आग्रह किया है। माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेशीय मंत्री चौधरी दिनेश चंद्र राय ने बताया कि जिले के 50 से अधिक सेवानिवृत्त शिक्षकों को अब तक सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) का भुगतान नहीं किया गया है। वहीं उनकी पेंशन पत्रावलियाँ भी अब तक स्वीकृति हेतु अपर निदेशक (पेंशन) को नहीं भेजी गई हैं। इसके कारण रिटायरमेन्ट के बाद वे आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि शासन के निर्देशों के अनुसार, सेवानिवृत्ति की तिथि को ही सभी देयकों का भुगतान कर दिया जाना चाहिए और एक माह के भीतर पेंशन आरंभ हो जानी चाहिए लेकिन अत्यंत खेदजनक’ है कि 22 जून 2025 तक जीपीएफ भुगतान और पेंशन पत्रावलियों को स्वीकृति हेतु प्रेषित ही नहीं किया गया है।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ का प्रतिनिधिमंडल प्रदेशीय मंत्री चौधरी दिनेश चंद्र राय के नेतृत्व में जिला विद्यालय निरीक्षक और वित्त एवं लेखाधिकारी से मिला और इस मुद्दे को प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री के संज्ञान में लाने को तत्पर है।
प्रतिनिधि मण्डल में संघ के जिलाध्यक्ष अमित कुमार राय, जिला मंत्री शैलेन्द्र सिंह सहित अन्य पदाधिकारी थे। उधर संघ के प्रांतीय अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और माध्यमिक शिक्षा के प्रमुख सचिव को पत्र लिखकर यथाशीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है।
Views: 83








