शादी के बाद दुल्हन पुराने प्रेमी संग फरार 

गाजीपुर। अग्नि के समक्ष लिए गये सात फेरों तथा पारिवारिक मर्यादा को तार तार करते हुए नवविवाहिता अपनी ससुराल जाने के स्थान पर अपने पुराने आशिक तथा तीन बच्चों के पिता की बाइक पर बैठ कर उड़नछू हो गयी‌।


       बताया गया कि जिले के बिरनो थाना क्षेत्र स्थित इनवा तियरा गांव में सुदामा राम के यहां 3 जून को भुड़कुड़ा क्षेत्र के गोधिहरा गांव से बृजेश कुमार,की बारात पहुंची थी। रस्मों रिवाज के साथ रात में शादी के कार्य सम्पन्न हुए।

    राजी खुशी के माहौल में, गहनों से लदी अपनी नवविवाहिता पुत्री को उसके परिजनों ने सुबह कार में बैठाकर पति संग विदा किया। दूल्हा दुल्हन के साथ कार सड़क पर दौड़ रही थी कि अचानक एक बाइक सवार सामने आकर कार रोकने का इशारा किया। ड्राइवर ने जब गाड़ी रोकी तो बाइक सवार ने अपने को दुल्हन का परिचित बताते हुए कहा कि उसकी मां की तबीयत अचानक खराब हो गई है। उसने कहा कि मैं दुल्हन को उसके घर ले जाकर उसकी मां से मिलवा कर तुरन्त वापस ले आऊंगा। यह सुनकर दूल्हा असमंजस में पड़ गया और उसके कुछ कहने से पहले ही दुल्हन  उसकी बाइक पर बैठाकर उड़न छू हो गई। 

        जब काफी समय बीतने के बाद भी दुल्हन वापस नहीं आई तो बृजेश को लगा कि सम्भवतः उसकी सास की हालत ज्यादा ही ख़राब हो गई है, यह सोचकर बृजेश नवविवाहिता पत्नी के घर जा पहुंचा। वहां पता चला कि यहां तो सब कुछ ठीक है। वहीं उसे असली कहानी का पता लगा कि उसकी नई-नवेली पत्नी धोखा देकर अपने गांव के ही पुराने प्रेमी जितेंद्र चौहान के साथ फरार हो गई है। शादीशुदा और तीन बच्चों के पिता के साथ नवविवाहिता का फरार होना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं दूल्हे का आरोप रहा कि दुल्हन ने शादी के दौरान पहने हुए करीब दो लाख रुपये के गहने भी साथ ले गयी है। दुल्हन के क्षुब्ध पिता सुदामा राम ने बिरनो थाने में गांव के ही जितेंद्र चौहान के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

Views: 243


Leave a Reply