भ्रष्टाचार को जिम्मेदारी के साथ उजागर करें पत्रकार 

सही और सटीक खबरों के प्रसारण से बनती है विश्वसनीयता


गाजीपुर। हिन्दी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर जिला पंचायत सभागार में आयोजित विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विशिष्ट अतिथि जनपद न्यायाधीश धर्मेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि  चुनौतियां हर क्षेत्र में हैं लेकिन व्यक्ति को अपना कार्य कर्तव्य निष्ठा से करना चाहिए। हिन्दी पत्रकारिता दिवस की बधाई देते हुए उन्होंने पत्रकारों से जिम्मेदारी के साथ भ्रष्टाचार को उजागर करने का आग्रह किया।

       गाजीपुर पत्रकार एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए अपर सत्र न्यायाधीश शक्ति सिंह ने  पत्रकार और न्यायाधीश दोनों को कलम का सिपाही बताते हुए कहा कि आज पत्रकारिता के साथ ही हर क्षेत्र में परिवर्तन आये हैं। कहा जाता है कि झूठ पंख लगाकर चलता है जबकि सत्य संघर्ष करता है। इसके साथ ही उन्होंने डिजिटल युग में पत्रकार की बड़ी जिम्मेदारी की चर्चा करते हुए सही और सटीक खबरों के प्रसारण की आवश्यकता बताई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश विजय कुमार ने कहा कि पत्रकारों की जनचेतना का ही परिणाम था कि हमको आजादी मिली। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नूतन द्विवेदी ने कहा कि नये पत्रकारों को अपनी सीमा रेखा में रहकर ही समाचार का संकलन करना चाहिए और वरिष्ठ पत्रकारों को नये पत्रकारों का मार्गदर्शन करना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बिना वजह किसी पत्रकार के ऊपर मुकदमा दर्ज नहीं किया जायेगा। राजकीय होमियोपैथिक मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो डॉ राजेन्द्र सिंह राजपूत ने कहा कि पत्रकारिता के समक्ष पहले भी चुनौतियां थीं और आज भी हैं। जरूरत है कि अपनी विश्वसनीयता को बनाए रखा जाए। डिजिटल युग में समाचार को तुरंत उपलब्ध करा दिया जाता है लेकिन आवश्यक यह है कि इसमें पारदर्शिता बनी रहे। मुख्य अतिथि वयोवृद्ध पत्रकार मुन्नी लाल पाण्डेय ने कहा कि हम चौथे स्तम्भ के नाम से जाने जाते हैं। हमारी जिम्मेदारी है कि हम सही तथ्यों निडर होकर जनता के सामने लाएं। अध्यक्ष सूर्यवीर सिंह ने कहा कि पत्रकारों को अक्सर विपरीत परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है लेकिन इससे घबराने की जरूरत नहीं है बल्कि ईमानदारी से काम करने की जरूरत है। सिविल बार के अध्यक्ष रामयश यादव ने कहा कि पत्रकार और अधिवक्ता एक दूसरे के सहयोगी हैं और हाल ही में मेडिकल कालेज अस्पताल में इनके लिए एक अलग काउंटर बनाया गया है ताकि पत्रकारों को पर्ची कटवाने और चिकित्सकों को दिखाने में असुविधा न हो। पत्रकार डा. ए. के. राय, डा. अविनाश प्रधान तथा विनय कुमार सिंह ने पत्रकारिता के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करते हुए सारगर्भित और वास्तविक खबरों के प्रकाशन पर बल दिया। सत्यदेव ग्रुप आफ कॉलेजेस के प्रबंध निदेशक डा. सानंद सिंह ने पत्रकारों को हिंदी पत्रकारिता दिवस की बधाई देते हुए सदैव पत्रकारों के सहयोग के लिए तत्पर रहने का भरोसा दिया। इससे पूर्व सभी मंचासीन अतिथियों को अंगवस्त्रम व स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

        कार्यक्रम की अध्यक्षता एसोसिएशन के संरक्षक अशोक श्रीवास्तव तथा संचालन महासचिव आशुतोष त्रिपाठी ने किया।

कार्यक्रम में सुमंत सकरवार, इन्द्रासन यादव, चंद्रमौलि पाण्डेय, प्रभाकर सिंह, अभिषेक सिंह, प्रमोद यादव, काशी सिंह, मुमताज, रविकांत पाण्डेय, अभिनव चतुर्वेदी, दुर्गविजय सिंह, आलोक त्रिपाठी, विनोद गुप्ता, सुशील उपाध्याय, मोहन तिवारी, जितेंद्र यादव, विनोद पाण्डेय, विनोद गुप्ता,प्रमोद कुमार सिन्हा, कमलेश यादव,रामजनम कुशवाहा, अरुण श्रीवास्तव आदि लोग उपस्थित रहे।

Views: 133

Advertisements

Leave a Reply