पुलिस मुठभेड़ में हत्यारोपी घायलावस्था में गिरफ्तार 

गाज़ीपुर। जमानियां कोतवाली पुलिस ने हत्यारोपी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया। दौराने गिरफ्तारी पुलिस ने उसके कब्जे से एक आलाकत्ल ( लोहे का नुकीला रॉड) व एक तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस व एक जिन्दा कारतूस 315 बोर बरामद कर लिया।


          उल्लेखनीय है कि जमानियां कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार की सुबह डेवढ़ी नहर पुलिया के समीप खेत में अज्ञात युवक का लहुलुहान शव मिला था। मृतक के सिर के पिछले हिस्से में गहरे चोट के निशान देखकर लोग हत्या की आशंका जतायी गयी थी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया था।      

    देर शाम मृतक की पहचान चंदौली जिले के कंदवा थाना क्षेत्र के परसडीहा निवासी विनोद बिन्द के रूप में हुई। वह अपने ससुराल गाजीपुर के जमानियां क्षेत्र के हमीरपुर कटहरा गांव आया था। उसकी पत्नी बंदना ने बताया कि उसके मायके में शिव चर्चा का आयोजन हुआ था। रात में उसका चचेरा भाई और उसका एक दोस्त जो चंदौली के जलालपुर का निवासी है, मेरे पति को साथ लेकर गये थे। मृतक की पत्नी ने दोनों पर पति की हत्या का आरोप लगाया था।

      बताया गया कि प्रभारी निरीक्षक जमानियां मय पुलिस टीम द्वारा इस हत्या के मुकदमें से संबंधित अभियुक्त विवेक सिंह पुत्र अजीत सिंह निवासी ग्राम जलालपुर थाना कन्दवा जनपद चन्दौली से, मुकदमें में प्रयुक्त आला कत्ल की बरामदगी हेतु ग्राम देवड़ी अभियुक्त के निशानदेही पर बरामदगी हेतु शुक्रवार तीस मई की सुबह लाया गया था। दौरान ए बरामदगी अभियुक्त द्वारा पहले से मौके पर रखे तमंचे द्वारा  पुलिस टीम पर फायरिंग की गई। जवाब में पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ संतुलित जवाबी फायरिंग की गई, जिसमें बदमाश के बाएं पैर मे गोली लगी और पुलिस ने उसे घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया। उसे तत्काल प्राथमिक उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र जमानिया भेजा गया। पूछताछ में अभियुक्त द्वारा बताया गया कि मृतक विनोद से मेरा विवाद था जिसे योजनाबद्ध तरीके से उसको मौत के घाट उतार दिया गया व जेल जाने के डर से मेरे द्वारा पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया गया।  गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह थाना                           कोतवाली जमानिया मय टीम जनपद गाजीपुर शामिल रहे।

Views: 266

Advertisements

Leave a Reply