गंदे पानी की निकासी न होने पर लग रहा गंदगी का अम्बार 

गाजीपुर। नगर पंचायत सादात में नालियों, गलियों में एकत्र कूड़ा कर्कट, घास- फूस के ढेरों की सफाई न होने से नगर पंचायत के कई वार्डों के घरों से निकला गंदा पानी सड़क के किनारे जगह जगह जमा होकर सड़ रहा है। उससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ रहा है। यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो  बरसात के मौसम में स्थिति नारकीय हो जायेगी और लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो जायेगा। संक्रामक बीमारियों को फैलाने में मुख्य सड़क के किनारे बन रहा नाला सहायक हो रहा है। नाला निर्माण की वजह से वार्डों से निकलने वाले गंदा पानी को जगह जगह रोका  गया है और इसके निकासी की कोई  वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है।


   सैदपुर से सादात होते जखनियां को जाने वाले एनएच 124 डी सड़क और नाला के निर्माणाधीन होने के कारण पानी के निकासी की समस्या जटिल हो गई है। कई वार्डों के निवासियों ने जलजमाव की समस्या से नगर पंचायत प्रशासन को अवगत भी कराया हैं फिर भी कोई वैकल्पिक व्यवस्था अब तक नहीं की जा सकी है।

   उल्लेखनीय है कि सादात बाजार के पूर्वी छोर, रेलवे स्टेशन रोड, रघुबंश चौराहा, बस स्टैंड के पास नालियों में महीनों से एकत्रित गंदा पानी और कूड़ा कचरा सड़ने से दुर्गंध फैल रही है। दुर्गन्ध के कारण दुकानदारों सहित आम नागरिकों का आना-जाना और जीना दूभर हो गया है। सबसे विकट स्थिति बाजार के पश्चिमी छोर पर बनी हुई है, जहां गंदे पानी के सड़ने से हालत दयनीय हो गयी है।

   मानसून के शीघ्र आगाज पर नालियों की सफाई और गंदा पानी की निकासी के संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष सुमन यादव ने बताया कि जगह जगह नालियों में एकत्र गंदे पानी को मोटर पम्प लगाकर साफ कराने का काम किया जा रहा है। चेयरमैन प्रतिनिधि धर्मेन्द्र यादव सोनू ने बताया कि एनएच पर बन रहे नाला निर्माण का कार्य पूरा होते ही  घरों से निकलने वाले गंदे पानी को इसमें गिराए जाने की व्यवस्था कराकर जल निकासी की समस्या दूर करा दी जाएगी।

Views: 125

Advertisements

Leave a Reply