सेना के सम्मान में निकाली तिरंगा यात्रा
गाजीपुर। आतंकवाद के विरुद्ध भारतीय सेना के ऑपरेशन सिन्दूर की सफलता पर देशवासियों में जबरदस्त उत्साह है। भारतीय सेना के उत्कृष्ट प्रदर्शन और कामयाबी पर पूरे देश में तिरंगा यात्रा निकाल कर देशवासियों ने भारतीय सेना का उत्साहवर्धन किया है।
इसी क्रम में सिखड़ी, हंसराजपुर, जखनियां तथा भीमापार में नागरिकों तथा भाजपा कार्यकर्ताओं ने भारत शौर्य तिरंगा यात्रा निकालकर लोगों में राष्ट्रीयता की भावना जागृत की।
भीमापार क्षेत्र के जगदीशपुर स्थित पेट्रोल पम्प से शुरू होकर भीमापार बाजार के गांधी चौराहे पर शौर्य तिरंगा यात्रा का समापन हुआ। सादात दक्षिणी के मंडल अध्यक्ष दिलीप कुमार पान्डेय के नेतृत्व में निकली यात्रा के मुख्य अतिथि पूर्व जिला उपाध्यक्ष रघुवंश सिंह पप्पू ने हरी झंडी दिखाकर शुभारम्भ किया। उन्होंने कहा कि भारतीय सैनिकों ने पाकिस्तान की आतंकवादी हरकतों का मुंहतोड़ जवाब दिया और उन्हें घुटनों के बल आने को मजबूर कर दिया। अब यदि पाकिस्तान ने आतंकवाद जैसी किसी भी गतिविधि को अंजाम दिया तो भारतीय सेना पाक को नेस्तनाबूद कर देगी। यात्रा में शामिल लोग हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय और पाकिस्तान मुर्दाबाद का नारा लगाते हुए चल रहे थे। यात्रा में लाल परीखा पटवा, राजकुमार शास्त्री, पंचदेव गोड़, पंकज सिंह, डा. सचिन सिंह, नीलम सिंह, बृजबाला सोनी, राजेन्द्र विश्वकर्मा, राजेन्द्र यादव, अरुण कन्नौजिया, कृष्ण मोदनवाल, तेतरा देवी, सुनीता देवी, रिंकू देवी, संजय सिंह, सोनू सिंह सहित काफी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Views: 135








